LOADING...
'धुरंधर 2' पर संकट के बादल, 'तिरछी टोपी वाले' गाने को लेकर खड़ा हुआ कानूनी बवंडर
'धुरंधर 2' के इस गाने पर खड़ा हुआ विवाद

'धुरंधर 2' पर संकट के बादल, 'तिरछी टोपी वाले' गाने को लेकर खड़ा हुआ कानूनी बवंडर

Apr 09, 2026
10:21 am

क्या है खबर?

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर: द रिवेंज' की शानदार कमाई के बीच विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में 'ओये ओये' (तिरछी टोपी वाले) गाने के इस्तेमाल को लेकर त्रिमूर्ति फिल्म्स ने आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस 'B62 स्टूडियोज' के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि फिल्म में इस कालजयी गाने का उपयोग बिना अनुमति के किया गया है। जहां एक तरफ फिल्म नोट छाप रही है, वहीं इस कानूनी पचड़े ने निर्माताओं की नींद उड़ा दी है।

विवाद

'त्रिदेव' के गाने पर कॉपीराइट विवाद

ये गाना 1989 की सुपरहिट फिल्म 'त्रिदेव' का है, जिसे आनंद-मिलिंद की जोड़ी ने कंपोज किया था और इसके बोल समीर अनजान ने लिखे थे। इस गाने को अनुराधा पौडवाल और उदित नारायण ने अपनी आवाज दी थी। त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि उनकी फिल्म के इस गाने का इस्तेमाल 'धुरंधर 2' में बिना किसी जरूरी लाइसेंस या अनुमति के किया गया है। कंपनी ने इस संगीत और साउंड रिकॉर्डिंग पर अपना पूर्ण स्वामित्व होने का दावा किया है।

ऐतराज

शाश्वत सचदेव के रीमिक्स पर त्रिमूर्ति फिल्म्स को आपत्ति

प्रोडक्शन हाउस (त्रिमूर्ति फिल्म्स) ने आरोप लगाया है कि फिल्म में इस गाने का उपयोग 'कॉपीराइट उल्लंघन' है। इसमें बिना अनुमति के गाने को दोबारा बनाना और इसे सार्वजनिक रूप से प्रसारित करना शामिल है। फिल्म में इस गाने का आंशिक इस्तेमाल 'रंग दे लाल' गाने में किया गया है। इस नए वर्जन को शाश्वत सचदेव ने रीमिक्स और कंपोज किया है, जिसमें नई आवाजें और नए बोल भी जोड़े गए हैं।

Advertisement

मांग

गाने के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगाने की मांग

त्रिमूर्ति फिल्म्स ने कोर्ट से मांग की है कि फिल्म में इस गाने के आगे के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने बिना अनुमति गाने का उपयोग करने के बदले में आर्थिक हर्जाने की भी मांग की है। कंपनी को इस बात पर आपत्ति है कि फिल्म की टीम इस गाने के जरिए थिएटर, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म (OTT) और प्रमोशनल वीडियो से व्यावसायिक लाभ कमा रही है। हालांकि, अभी इस विवाद पर निर्देशक आदित्य धर ने कुछ नहीं कहा है।

Advertisement

फिल्म

'धुरंधर 2' की कहानी और कलाकार

'धुरंधर 2' एक भारतीय जासूस (रणवीर) के जसकीरत सिंह रंगी से लेकर पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड डॉन हम्जा अली मजारी बनने तक के सफर की कहानी है, जो भारत के दुश्मन आतंकी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए वो लयारी के खूंखार अपराधी और राजनीतिक गलियारों में अपनी पैठ बनाता है। फिल्म में रणवीर के अलावा आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अहम भूमिका निभाई है।

Advertisement