रजनीकांत की फिल्म 'लाल सलाम' का ऐलान, बेटी ऐश्वर्या के लिए किया चंद मिनट का किरदार
साउथ फिल्मों के भगवान कहे जाने वाले रजनीकांत आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं और उनका सुर्खियों में रहना बनता भी है, क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ-साथ फिल्मों में उनकी सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। वह एक के बाद एक फिल्म साइन कर पर्दे पर धमाल मचा रहे हैं। अब रजनीकांत की अगली फिल्म का ऐलान भी हो गया है, जिसे उनकी बेटी ऐश्वर्या ने बनाया है। आइए पूरी खबर जानते हैं।
फिल्म में मेहमान भूमिका निभाएंगे रजनीकांत
रजनीकांत की जब भी किसी फिल्म की घोषणा होती है तो यह उनके प्रशंसकों के लिए किसी जश्न से कम नहीं होता। अब जबकि उनकी एक और नई फिल्म का ऐलान हो गया तो प्रशंसक सातवें आसमान पर हैं। रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या 'लाल सलाम' नाम की फिल्म लेकर आ रही हैं, जिसमें उन्होंने अपने पिता को साइन किया है। फिल्म में रजनीकांत की मेहमान, लेकिन खास भूमिका है और ऐश्वर्या के लिए ही उन्होंने इसके लिए रजामंदी दी है।
फिल्म से जुड़ीं अन्य जानकारियां
फिल्म की निर्देशक ऐश्वर्या हैं। तमिल फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा प्रोडक्शन हाउस लायका इस फिल्म को बना रहा है, जिसके बैनर तले रजनीकांत अभिनीत 'रोबोट' और '2.0' जैसी सफल फिल्में बन चुकी हैं। निर्माताओं ने फिल्म का ऐलान करते हुए एक दमदार पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमें जलता हुआ हेलमेट दिखाई दे रहा है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा विष्णु विशाल और अभिनेता विक्रांत संतोष लीड रोल में हैं। इस फिल्म का संगीत एआर रहमान देंगे।
यहां देखिए फिल्म का पोस्टर
लंबे समय बाद निर्देशन में वापसी कर रहीं ऐश्वर्या
बात करें ऐश्वर्या की तो वह साउथ की जानी-मानी निर्देशक और सिंगर हैं। उन्होंने 2012 में फिल्म '3' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। ऐश्वर्या ने आखिरी बार 2015 में तमिल कामेडी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'वै राजा वै' का निर्देशन किया था। अब सात साल बाद उन्होंने निर्देशक की टोपी पहनी है। इस घोषणा के बाद ऐश्वर्या ट्विटर पर ट्रेंड कर रही हैं। प्रशंसकों को उम्मीद है कि ऐश्वर्या अपने पिता के किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगी।
फिल्म 'जेलर' को लेकर सुर्खियों में हैं रजनीकांत
रजनीकांत इन दिनों फिल्म 'जेलर' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसका निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं, जो 'डॉक्टर' और 'बीस्ट' जैसी फिल्में बना चुके हैं। फिल्म में रजनीकांत के साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू और बसंत कुमार रवि नजर आएंगे। अगस्त 2022 में 'जेलर' की शूटिंग शुरू हुई थी और 2023 में इसे दर्शकों के बीच लाने की तैयारी है। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है। रजनीकांत आखिरी बार फिल्म 'अन्नाथे' में दिखे थे।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
यह पहला मौका नहीं है, जब रजनीकांत किसी फिल्म में मेहमान भूमिका निभाएंगे। इससे पहले भी वह 'यार' से लेकर 'गैर कानूनी' और 'गिरफ्तार' समेत कुल 15 फिल्मों में मेहमान बन चुके हैं। इसमें तमिल के अलावा तेलुगू, बंगाली और हिंदी फिल्में भी शामिल हैं।