रजनीकांत का घमंड कैसे टूटा? बोले- मैं हाथ हिलाता रहा, पर किसी ने देखा तक नहीं
क्या है खबर?
सुपरस्टार रजनीकांत ने हाल ही में अपने जीवन की एक ऐसी घटना साझा की है, जिसने उनके 'अहंकार' को पूरी तरह खत्म कर दिया। 'आर्ट ऑफ लिविंग' के एक कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की मौजूदगी में रजनीकांत ने बताया कि कैसे एक समय पर उन्हें अपनी शोहरत और रूतबे पर बहुत घमंड हो गया था, लेकिन एक छोटी सी मुलाकात और गुरु के शब्दों ने उन्हें ये अहसास करा दिया कि वो भी एक साधारण इंसान हैं।
किस्सा
...जब अपनी शोहरत के कारण आश्रम जाने में झिझके रजनीकांत
रजनीकांत 'आर्ट ऑफ लिविंग' फाउंडेशन के 45 साल पूरे होने और श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने बताया कि रविशंकर ने उनसे पूछा था कि क्या वे आश्रम घूमना चाहेंगे। लेकिन सुपरस्टार होने के कारण रजनीकांत झिझक रहे थे। उन्हें डर था कि लोग उनके आसपास जमा हो जाएंगे और ऑटोग्राफ मांगने लगेंगे, जिससे आश्रम की शांति भंग हो सकती है।
खुलासा
"मुझे लगा लोग नाम चिल्लाएंगे और फोटो मांगेंगे"
रजनीकांत ने उस पल को याद करते हुए बताया, "गुरुदेव ने मुझसे उनके साथ चलने को कहा। मैंने उनसे कहा कि मेरे साथ होने से उन्हें बहुत परेशानी होगी, लेकिन उन्होंने मुुझसे कहा कोई बात नहीं, कोई परेशानी नहीं होगी, बस तुम चलो'... मुझे लगा कि वहां स्वाभाविक रूप से लोग होंगे, मुझे पहचान लेंगे, मेरा नाम चिल्लाएंगे, फोटो मांगेंगे और ऐसी ही चीजें होंगी। मैंने वहां तमिलनाडु के भी बहुत से लोगों को देखा था।"
अहसास
हजारों की भीड़, पर कोई नहीं मुड़ा
रजनीकांत ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "वहां हजारों लोग थे। सच कहूं तो एक भी व्यक्ति ने मेरी तरफ नहीं देखा। फोटो और ऑटोग्राफ तो भूल ही जाइए। किसी एक इंसान ने न तो मुझे देखा और ना ही मुझसे बात की। मैं हाथ हिला रहा था, लेकिन किसी ने नजर तक नहीं उठाई। मैं कई राजनेताओं और उद्योगपतियों से मिला हूं, लेकिन इस एक घटना ने मेरा अहंकार चकनाचूर कर दिया।"
तंज
रजनीकांत ने खुद पर कसा तंज
अभिनेता ने साझा किया कि इसके बाद रविशंकर ने उन्हें आश्वासन दिया था कि कोई परेशानी नहीं होगी। इस पर रजनीकांत ने मजाकिया अंदाज में अपने सिर की ओर इशारा करते हुए जवाब दिया, "बाहर तो कोई शोर-शराबा नहीं हुआ, लेकिन उनके दिमाग के अंदर खलबली मच गई। उन्होंने अपनी बात यह कहते हुए समाप्त की कि इस घटना ने उन्हें आध्यात्मिकता की शक्ति दिखा दी।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
"NOBODY RECOGNISED ME" : Superstar Rajnikanth shares a memory of an incident when Sri Sri Ravishankar invited him to an event where people immersed in spirituality failed to recognise him & how it crushed his ego. pic.twitter.com/EZWehaFlWT
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) May 12, 2026