राजेश् कुमार को शौक ने डुबोया कर्ज में, फिर बेची सब्जियां; अब ऐसे की जोरदार वापसी
मशहूर धारावाहिक 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में 'रोजेश' का किरदार निभाने वाले अभिनेता राजेश कुमार ने साल 2017 में अभिनय छोड़ दिया था। सद्गुरु के 'रैली फॉर रिवर्स' अभियान से प्रेरित होकर वो बिहार के गया में खेती करने चले गए थे। उनका मकसद किसानों की असली जिंदगी को करीब से जानना था, लेकिन उनके लिए हालात काफी मुश्किल साबित हुए।
शुरुआत में बाढ़ की वजह से उनकी फसलें तबाह हो गईंऔर बाद में COVID-19 महामारी के कारण भी उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। पानी की कमी दूर करने के लिए उन्होंने 500 फीट गहरा बोरवेल भी खुदवाया, लेकिन उसमें पानी नहीं निकला। इन तमाम असफलताओं के कारण उनकी सारी जमा-पूंजी खत्म हो गई और वो 2 करोड़ रुपये के भारी कर्ज में डूब गए।
हार न मानने का जज्बा और वापसी
मुश्किल हालातों में हार मानने के बजाय राजेश कुमार ने आध्यात्मिकता का सहारा लिया और खुद को सकारात्मक बनाए रखा। जब स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गई तो परिवार का खर्च चलाने के लिए उन्होंने अपने बेटे के स्कूल के बाहर सब्जियां तक बेचीं।
अपनी कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने भारी-भरकम कर्ज को घटाकर काफी कम कर लिया और अब वो धीरे-धीरे वित्तीय संकट से बाहर आ रहे हैं। उनका मानना है कि इस मुश्किल दौर ने उन्हें जिंदगी का एक कड़ा सबक सिखाया है और उन्हें भीतर से और मजबूत बना दिया है।
कठिन समय का डटकर मुकाबला करने के बाद, राजेश कुमार ने एक बार फिर अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया है। वो 'ओह माय डॉग' और 'निशांची' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम कर रहे हैं। इस संघर्ष के बाद वो अब पहले से कहीं ज्यादा परिपक्व, मजबूत और जमीन से जुड़े हुए कलाकार बन चुके हैं।