सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' को झटका, रिलीज पर राजस्थान हाई कोर्ट ने लगाई रोक
क्या है खबर?
सनी देओल की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' अपनी रिलीज से पहले विवादों में घिरी हुई है। अब राजस्थान हाई कोर्ट ने निर्माताओं को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से क्लियरेंस लिए बिना फिल्म को ऑनलाइन रिलीज करने से रोक दिया है। जस्टिस समीर जैन ने 16 नवंबर को भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) की याचिका पर यह आदेश दिया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि फिल्म डॉक्टरों के संगठन को बदनाम करती है।
आदेश
प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही फिल्म रिलीज को मंजूरी
केंद्र सरकार द्वारा कहने के बाद कि संबंधित अधिकारी सिनेमैटोग्राफी एक्ट, 1952 के तहत प्रमाणपत्र देने से पहले फिल्म की अच्छी तरह जांच करेंगे, कोर्ट ने यह आदेश दिया।
कोर्ट ने कहा, "ऊपर दी गई बातों को देखते हुए, यह कोर्ट नोटिस जारी करना चाहता है। कोर्ट यह साफ करता है कि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या सही फोरम पर फिल्म का प्रदर्शन, 1952 के एक्ट के सेक्शन 5(B) के तहत प्रमाणपत्र जारी होने के बाद ही होगा।"
रिलीज
इसी महीने रिलीज होने वाली थी 'सूर्या'
'सूर्या' इसी महीने 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी। हालांकि, निर्माताओं ने प्रमाणपत्र मिलने तक फिल्म की रिलीज को रोकने का फैसला किया है।
फिल्म को लेकर यह विवाद तब शुरू हुआ जब इसका टीजर रिलीज हुआ था। इसे देखने के बाद IMA ने आरोप लगाया कि फिल्म निजी अस्पतालों और डॉक्टरों की छवि को गलत तरीके से दर्शाती है।
इसी कारण संगठन ने 22 और 23 अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई थी।