'डॉन 3': करोड़ों का घाटा और ऐन वक्त पर धोखा, प्रोड्यूसर्स गिल्ड रणवीर सिंह पर भड़का
क्या है खबर?
'डॉन 3' विवाद में अब भारतीय फिल्म उद्योग की सबसे बड़ी संस्था 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' की भी एंट्री हो गई है। गिल्ड ने आधिकारिक तौर पर इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की है। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, गिल्ड ने ऐन वक्त पर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के बैनर 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' की इस बड़े बजट की फिल्म को छोड़ने के रणवीर सिंह के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
निराशा
रणवीर सिंह के 'डॉन 3' छोड़ने पर फिल्म गिल्ड ने जताई नाराजगी
'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' ने 'डॉन 3' से रणवीर के बाहर होने के विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस फिल्म संस्था ने एक बयान जारी कर प्रोजेक्ट छोड़ने के लिए रणवीर के रवैये पर निशना साधा। गिल्ड ने कलाकारों, निर्देशकों और तकनीशियनों द्वारा निर्माताओं से किए गए अपने वादों और प्रतिबद्धताओं से ऐन वक्त पर मुकरने के बढ़ते मामलों पर गहरी निराशा जताई और समझाया कि ये किस तरह समग्र रूप से पूरे फिल्म उद्योग को नुकसान पहुंचाता है।
रवैये
रणवीर के व्यवहार पर उठाए सवाल
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने अपने बयान में कहा, "हमें हमारे सदस्यों एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड से भी इन मुद्दों को लेकर औपचारिक शिकायतें मिली हैं, जो मुख्य शूटिंग शुरू होने से महज कुछ ही दिन पहले सामने आए हैं। इंडस्ट्री के किसी भी सदस्य को इस तरह के व्यवहार में शामिल नहीं होना चाहिए, जिसके कारण इन मामलों में हमारे सदस्य निर्माताओं के साथ-साथ इंडस्ट्री के अन्य क्षेत्रों को भी भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है।"
विश्वसनीयता
"फिल्म की ब्रांड वैल्यू और विश्वसनीयता होती है खत्म"
बयान में आगे कहा गया, "इंडस्ट्री के किसी भी सदस्य द्वारा किए गए इस तरह के कृत्यों के गंभीर और दूरगामी परिणाम होते हैं और ये भरोसे, व्यावसायिकता तथा आपसी सम्मान की उस भावना को कमजोर करता है, जिस पर हमारा पूरा फिल्म उद्योग टिका हुआ है। इस तरह की घटनाओं से फिल्म की साख को भारी नुकसान पहुंचा है, साथ ही संबंधित फिल्मों की विश्वसनीयता और ब्रांड वैल्यू पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।"
ट्विटर पोस्ट
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने जताई नाराजगी
Statement by Producers Guild of India. pic.twitter.com/I4OoeTX5kC
— Producers Guild of India (@producers_guild) June 3, 2026
दो टूक
आखिरी वक्त पर फिल्म छोड़ने का रुख नैतिक नहीं- प्रोड्यूसर्स गिल्ड
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने आगे कहा, "ऐसे फैसले उन सैकड़ों तकनीशियनों और क्रू सदस्यों की आजीविका को भी खतरे में डालता है, जो इन प्रोजेक्ट्स पर निर्भर होते हैं। गिल्ड हमेशा एक स्वतंत्र और निष्पक्ष व्यावसायिक माहौल के पक्ष में खड़ा है, और फिल्म निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा या व्यवधान को बढ़ावा नहीं देता है। इसके विपरीत कोई भी रुख नैतिक नहीं है और ये हमारे फिल्म निर्माण समुदाय की सामूहिक भावना को नुकसान पहुंचाता है।"
कदम
रणवीर के कानूनी नोटिस के बाद FWICE ने वापस लिया 'असहयोग निर्देश'
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने अंत में रणवीर और फरहान से इस विवाद को आपसी बातचीत से शांतिपूर्वक सुलझाने की अपील की। दिलचस्प बात ये है कि गिल्ड का यह बयान रणवीर सिंह द्वारा FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) को एक कानूनी नोटिस भेजने के ठीक बाद आया है। उधर FWICE ने रणवीर के खिलाफ जारी अपने 'असहयोग निर्देश' को भी वापस ले लिया है। ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ था, जब रणवीर ने 'डॉन 3' छोड़ दी थी।