LOADING...
प्रियंका 30 से ज्यादा इंटरनेशनल मैगजीन के कवर पर होने वालीं पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं
प्रियंका चोपड़ा ने हासिल की एक और उपलब्धि

प्रियंका 30 से ज्यादा इंटरनेशनल मैगजीन के कवर पर होने वालीं पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं

Jan 18, 2022
10:45 am

क्या है खबर?

प्रियंका चोपड़ा ने ना सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि हॉलीवुड में भी अपना एक खास मुकाम हासिल किया है। मॉडलिंग से लेकर अभिनय और गायकी की दुनिया में भी उन्होंने खुद को स्थापित किया। अब एक और उपलब्धि प्रियंका ने अपने नाम कर ली है। दरअसल, उन्हें 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैगजीन के कवर पर चित्रित किया गया है। प्रियंका इतनी बड़ी संख्या में वैश्विक मैगजीन कवर पर दिखने वालीं पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं। आइए जानते हैं पूरी खबर।

उपलब्धि

वैनिटी फेयर के कवर पेज पर भी दिखीं प्रियंका

ग्लोबल पावरहाउस प्रियंका को 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैगजीन के कवर पेज पर जगह मिली है। पिछले कुछ सालों में प्रियंका को एल्योर, मैरी क्लेयर, एल, वोग, मैक्सिम, इनस्टाइल, कॉस्मोपॉलिटन और कॉम्प्लेक्स जैसी लोकप्रिय पत्रिकाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चित्रित किया गया है। हाल ही में प्रियंका ने वैनिटी फेयर के फरवरी के कवर से सभी को चौंका दिया, जिसका शीर्षक था, 'हॉलीवुड को हिलाकर रख देने वाला वैश्विक सितारा, रूढ़ियों को तोड़ना और निक जोनस के साथ बसना।'

फिल्म

पिछली बार 'द मैट्रिक्स रीसरेक्शंस' में नजर आईं प्रियंका

प्रियंका पिछली बार 22 दिसंबर को आई हॉलीवुड फिल्म 'द मैट्रिक्स रीसरेक्शंस' में नजर आई थीं। फिल्म में उन्होंने सती की भूमिका निभाई और हमेशा की तरह उन्हें दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया। 'द मैट्रिक्स रीसरेक्शंस' में पुरानी फिल्मों से कई किरदार लिए गए हैं, जबकि कुछ नए किरदार भी जोड़े गए। इस फिल्म को लाना वाचावोस्की ने निर्देशित किया है। इससे पहले सीरीज के तीन भागों का निर्देशन लाना ने अपनी बहन लीली वाचावोस्की के साथ मिलकर किया था।

जीत

प्रियंका ने बीते साल ये उपलब्धि भी की थी हासिल

2021 के अंत में 'मोस्ट एडमायर्ड वुमन-2021' की लिस्ट सामने आई। इसमें कई हस्तियों के नाम शामिल थे, लेकिन खास बात यह है कि इस लिस्ट में प्रियंका ने अपनी जगह बनाई। टॉप 10 की इस सूची में अपनी जगह बनाने वाली प्रियंका इकलौती भारतीय अभिनेत्री थीं। पिछले साल एक्ट्रेस इस सूची में 15वें नंबर पर थीं, लेकिन 2021 में अपनी रैंकिंग में बढ़ोतरी करते हुए उन्होंने इस साल 10वां स्थान हासिल कर लिया है।

फिल्में

इन फिल्मों में भी नजर आएंगी प्रियंका

प्रियंका एक अन्य हॉलीवुड रोमांटिक फिल्म 'टेक्स्ट फॉर यू' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। कुछ ही समय पहले उनकी नई हिंदी फिल्म 'जी ले जरा' की घोषणा हुई है। फरहान अख्तर इस फिल्म के निर्देशक हैं। इसके जरिए प्रियंका पहली बार कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट के साथ काम करने जा रही हैं। प्रियंका अपनी पहली वेब सीरीज 'सिटाडेल' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। एवेंजर्स एंडगेम' के रूसो ब्रदर्स उनकी इस स्पाई थ्रिलर सीरीज को बना रहे हैं।