सरोगेसी के जरिए प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस बने माता-पिता

देसी गर्ल के नाम से मशहूर प्रियंका चोपड़ा का अपना अलग जलवा है। दुनियाभर में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बीती रात उनके प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। प्रियंका और उनके पति निक जोनस सरोगेसी के जरिए माता-पिता बन गए हैं। शादी के तीन साल बाद अभिनेत्री के दामन में खुशी आई है। हालांकि, प्रियंका ने इस बात से पर्दा नहीं उठाया कि उनके घर बेटे को जन्म हुआ या बेटी का।
प्रियंका ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'हमें यह पुष्टि करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के माध्यम से एक बच्चे को जन्म दिया है। हम सम्मानपूर्वक इस खास समय के दौरान प्राइवेसी की मांग करते हैं, क्योंकि हमारा ध्यान अपने परिवार पर केंद्रित है। बहुत-बहुत धन्यवाद।' इसी पोस्ट को प्रियंका के पति निक ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
Our heart is full ♥️♥️@priyankachopra @nickjonas pic.twitter.com/A4mEUUsST9
— Team Priyanka Chopra Jonas (@TeamPriyanka) January 21, 2022
सरोगेसी में लोग बच्चा पैदा करने के लिए किसी महिला की कोख किराए पर ले सकते हैं। जो महिला अपनी कोख में दूसरे का बच्चा पालती है, वो सरोगेट मां कहलाती है। इसमें सरोगेट मां और पैदा करवाने वाले के बीच एग्रीमेंट किया जाता है।
एक कपल के रूप में प्रियंका और निक की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। दोनों ने 1 दिसंबर, 2018 को क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। इसके बाद 2 दिसंबर को उन्होंने हिंन्दू रीति-रिवाज से सात फेरे भी लिए थे। इसके बाद प्रियंका-निक ने दिल्ली में शानदार रिसेप्शन दिया था। शादी होने के बाद प्रियंका विदेश शिफ्ट हो गई थीं और वहीं अपने पति के साथ रहती हैं।
प्रियंका और निक की प्रेम कहानी भी काफी फिल्मी है। निक को प्रियंका से पहली नजर में प्यार हो गया था। निक ने जब प्रियंका को अमेरिकी शो 'क्वांटिको' में देखा था, तो वह उन्हें बेहद पसंद आई थीं। उन्होंने वोग मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्होंने सबसे पहले प्रियंका की 'क्वांटिको' में को-स्टार रहीं ग्राहम रोजर्स को मैसेज किया था। मैसेज में निक ने कहा था कि प्रियंका बहुत खूबसूरत हैं।
प्रियंका हॉलीवुड रोमांटिक फिल्म 'टेक्स्ट फॉर यू' में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। कुछ ही समय पहले उनकी नई हिन्दी फिल्म 'जी ले जरा' की घोषणा हुई है। फरहान अख्तर इस फिल्म के निर्देशक हैं। इसके जरिए प्रियंका पहली बार कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट के साथ काम करने जा रही हैं। वह अपनी पहली वेब सीरीज 'सिटाडेल' को लेकर सुर्खियों में हैं। एवेंजर्स एंडगेम' के रूसो ब्रदर्स उनकी इस स्पाई थ्रिलर सीरीज को बना रहे हैं।