क्या 'भूत बंगला' में अपना किरदार छोटा होने से खफा हैं तब्बू? निर्देशक ने तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
फिल्म 'भूत बंगला' सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 'हेरा फेरी' (2000) के बाद, अक्षय कुमार और तब्बू ने इस फिल्म से 25 साल बाद साथ में वापसी की है। काफी वक्त से चर्चा थी कि फिल्म में कथित तौर पर किरदार छोटा किए जाने के कारण तब्बू निर्माताओं से खफा हैं। यह भी कहा गया कि अक्षय ने उनका किरदार छोटा कराया था। अब निर्देशक प्रियदर्शन ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया दी है।
खंडन
प्रियदर्शन ने सभी दावों का खंडन किया
पिंकविला से बातचीत में, निर्देशक ने दावों को खारिज करते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि ये नकारात्मक खबरें कौन और क्यों फैला रहा है। मैं 'भूत बंगला' का निर्देशक हूं, और मैं तय करता हूं कि क्या रखना है और क्या नहीं। फिल्म बड़ी सफल रही है, फिर भी कुछ लोग नकारात्मकता फैलाने की कोशिश में हैं। तब्बू बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं। मैंने उनके साथ 8 फिल्में की हैं, और अगर वह नाराज होतीं, तो मुझे बता देतीं।"
प्रतिक्रिया
"अक्षय ने कभी एडिटिंग करने के लिए नहीं कहा"
प्रियदर्शन ने अक्षय पर कथित एडिटिंग कराने के आरोपों पर कहा, "अक्षय ने मुझसे फिल्म का कोई भी हिस्सा एडिट करने को नहीं कहा; वो कभी ऐसा नहीं करते। मैं ईमानदारी से अपना काम करता हूं, और हर अभिनेता फिल्म रिलीज से पहले आकर देखता है। जो भी इस तरह की अफवाहें फैला रहा है, उसे शर्म आनी चाहिए।" बता दें, 'भूत बंगला' एक हॉरर-कॉमेडी है। इसमें वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी भी अहम किरदार में हैं।