मदर्स डे पर प्रीति जिंटा ने शेयर की अपने जुड़वा बच्चों की पहली झलक

पिछले साल के अंत में अभिनेत्री प्रीति जिंटा और उनके पति जीन गुडइनफ माता-पिता बने थे। खास बात यह है कि प्रीति सरोगेसी के जरिए जुड़वा बच्चों की मां बनी थीं। इस कपल के लिए यह दोहरी खुशी थी। उन्होंने अपने बेटे का नाम जय जिंटा गुडइनफ और बेटी का नाम जिया जिंटा गुडइनफ रखा था। अब मदर्स डे के मौके पर प्रीति ने अपने जुड़वा बच्चों की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है।
प्रीति ने इंस्टाग्राम पर अपने जुड़वा बच्चों की पहली तस्वीर पोस्ट की है। इस तस्वीर में प्रीति बेटी जिया को पकड़े हुए दिख रही हैं। प्रीति के बेटे जय को उनकी मां ने अपनी गोद में थाम रखा है। मां बनने के पांच महीने बाद अभिनेत्री ने अपने बच्चों को फैंस से रूबरू करवाया है। हालांकि, शेयर की गई तस्वीर में दोनों बच्चों का चेहरा साफ-साफ नहीं दिख रहा है। फिर भी फैंस उनपर दिल खोलकर प्यार लूटा रहे हैं।
तस्वीर शेयर करने के साथ-साथ प्रीति ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'मुझे कभी समझ में नहीं आया कि मेरी मां मेरे बारे में लगातार इतना चिंतित क्यों रहती थीं। मैं कहां हूं, इस बारे में जानने के लिए वह चिंतित रहती थीं। अब मैं इसे समझने लगी हूं। मुझे समझ में आने लगा है कि मातृत्व क्या है। यह सुंदर, सशक्त और थोड़ा डरावना है।'
प्रीति के जुड़वा बच्चों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। तस्वीर में प्रीति की मुस्कान साफ तौर पर देखी जा सकती है। उनके बच्चों की झलक पाकर उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। अभिनेत्री के पोस्ट पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने अपने कमेंट में लिखा, 'यह बहुत प्यारा है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, 'वाह बहुत क्यूट। नन्ही प्रीति जिंटा।'
प्रीति ने बिजनेसमैन जीन गुडइनफ से 29 फरवरी, 2016 को शादी की थी। लॉस एंजेलिस में हुई इस शादी में केवल कुछ रिश्तेदार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। दोनों ने मुंबई में भी एक ग्रैंड रिसेप्शन रखा था। काफी समय बाद प्रीति ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। फिलहाल प्रीति अपने पति के साथ अमेरिका में रहती हैं। हालांकि, वह भारत आती रहती हैं।
करण जौहर और एकता कपूर ने भी बच्चा पैदा करने के लिए सरोगेसी का सहारा लिया। तुषार कपूर भी सरोगेसी की मदद से पिता बने हैं। शिल्पा शेट्टी की बेटी शमिषा और शाहरुख का छोटा बेटा अबराम भी सरोगेसी से हुआ है।