पीयूष मिश्रा ने किया 'धुरंधर 2' का पुरजोर समर्थन, बोले- यही तो असली सिनेमा है
क्या है खबर?
लोकप्रिय अभिनेता पीयूष मिश्रा ने निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' पर लग रहे 'प्रोपेगेंडा' के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने हाल ही में आलोचकों को करारा जवाब देते हुए इस फिल्म का बचाव किया और इसे सिनेमाई दृष्टिकोण से देखने की सलाह दी। रणवीर सिंह और संजय दत्त जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर चल रहे विवाद पर पीयूष का ये बेबाक बयान अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
बचाव
'धुरंधर' पर उठे सवाल तो बचाव में उतरे पीयूष मिश्रा
'धुरंधर 2' न केवल बॉक्स ऑफिस पर राज करे रही है, बल्कि सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। फिल्म की अपार सफलता के बीच दर्शकों के एक वर्ग ने इसे 'प्रोपेगेंडा' करार दिया है। हालांकि, अभिनेता पीयूष मिश्रा ने इस विमर्श को पूरी तरह खारिज करते हुए फिल्म का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए इसे एक 'शुद्ध सिनेमाई अनुभव' बताया और विवादों पर विराम लगाने की कोशिश की।
तारीफ
"मुझे बहुत पसंद आई, कोई एजेंडा नहीं"
दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने पहुंचे पीयूष ने मीडिया से खुलकर बात की। इस दौरान जब उनसे 'धुरंधर' को लेकर चल रहे विवादों और 'प्रोपेगेंडा' के आरोपों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। वो बोले, "प्रोपेगेंडा और सिनेमा के बीच एक बहुत महीन लकीर होती है। मुझे 'धुरंधर' बहुत पसंद आई। इसका स्क्रीनप्ले अद्भुत है। इसे आप प्रोपेगेंडा फिल्म नहीं कह सकते। ये असल में वो है, जिसे हम 'सिनेमा' कहते हैं।"
पलटवार
अनुपम ने भी फिल्म के आलोचकों काे दिया था करारा जवाब
कुछ दिन पहले, अभिनेता अनुपम खेर ने भी उन लोगों पर तीखा तंज कसा था, जो इस फिल्म को 'प्रोपेगेंडा' बता रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को खुद पर शर्म आनी चाहिए। अनुपम ने कहा था, "जो लोग इसे कट्टर राष्ट्रवाद और प्रोपेगेंडा फिल्म कह रहे हैं... मुझे उनके लिए बहुत दुख होता है। मुझे उन पर दया आती है। उन्हें शर्म आनी चाहिए। " उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
कहानी
क्या है फिल्म की कहानी?
आदित्य धर द्वारा निर्देशित 'धुरंधर 2' रणवीर सिंह के किरदार 'हमजा अली मजारी' की कहानी को बड़ी गहराई से दिखाती है। इसकी कहानी पहले भाग से आगे बढ़ती है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे एक भारतीय जासूस भारत के लिए खतरा बने पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के अपने मिशन को पूरा करता है। फिल्म में रणवीर के साथ अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।