Page Loader
'बेशरम रंग..' फिर विवादों में; पाकिस्तानी गायक सज्जाद अली के गाने की नकल का आरोप
पाकिस्तानी गाने को चोरी कर बना ‘पठान’ का ‘बेशरम रंग’?

'बेशरम रंग..' फिर विवादों में; पाकिस्तानी गायक सज्जाद अली के गाने की नकल का आरोप

Jan 02, 2023
06:46 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' का गाना 'बेशरम रंग..' रिलीज होते ही ट्रोल होने लगा था। आए दिन इससे एक नया विवाद जुड़ता दिख रहा है। गाने में दीपिका पादुकोण की भगवा बिकनी को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इसके लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। पाकिस्तानी गायक सज्जाद अली ने फिल्म के निर्माताओं पर उनका गाना चुराने के आरोप लगाए हैं। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

इशारा

बिना नाम लिए कसा तंज

पाकिस्तानी गायक सज्जाद अली ने इशारों-इशारों में यह कह डाला है कि 'बेशरम रंग' उनके सालों पहले आए गाने 'अब के हम बिछड़े' से मिलता-जुलता है। दरअसल, सज्जाद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह कह रहे हैं कि उन्होंने आने वाली फिल्म का एक गाना सुना, जिसे सुनते ही उन्हें 26 साल पहले 1996 में लिखे गए अपने एक गाने की याद आ गई। गाने के बोल हैं 'अब के हम बिछड़े'।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

प्रतिक्रिया

लोगों ने शुरू कर दी ट्रोलिंग

सोशल मीडिया पर भी लोगों का मानना है कि सज्जाद का इशारा 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' की ओर है। उनके वीडियो पर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ने लिखा, 'बेशरम रंग सज्जाद के म्यूजिक कंपोजिशन पर आधारित है। भारत के लोग पाकिस्तानी गाने चुराते हैं और उन्हें क्रेडिट भी नहीं देते।' एक ने लिखा, 'ये तो बिल्कुल 'बेशरम रंग' जैसा है।' एक ने लिखा, 'शर्मनाक, आपको क्रेडिट दिए बिना ही आपका गाना चुरा लिया।'

विवाद

'बेशरम रंग' पर मचा बवाल

'बेशरम रंग' के बोल कुमार ने लिखे हैं, जबकि शिल्पा राव, कारालिसा मोंटेयरो और विशाल-शेखर की जोड़ी ने इसे गाया है। गाने में दीपिका की भगवा बिकनी पर बवाल मचा हुआ है। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि गाना और गाने में दीपिका के भगवा रंग के कपड़े आपत्तिजनक हैं। कई हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया है। देशभर में इसे लेकर हुए प्रदर्शन के बाद सेंसर बोर्ड ने इसमें कुछ बदलाव की सलाह दी है।

जानकारी

25 जनवरी को रिलीज हो रही 'पठान'

'पठान' 25 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे। जॉन इसमें विलेन की भूमिका में हैं। चर्चा है कि फिल्म के OTT राइट्स 100 करोड़ रुपये में बिक चुके हैं।

परिचय

जानिए कौन हैं सज्जाद अली

सज्जाद एक पाकिस्तानी क्लासिकल, पॉप और रॉक सिंगर हैं। वह कवि, अभिनेता और फिल्म निर्देशक भी हैं और पाकिस्तान में उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। 'लव लेटर' और 'एक और लव स्टोरी' जैसी फिल्मों से वह ना सिर्फ बतौर कंपोजर जुड़े, बल्कि इन दोनों फिल्मों में उन्होंने अभिनय भी किया। इंस्टाग्राम पर सज्जाद के लाखों फॉलोअर्स हैं। 'लगाया दिल' से लेकर 'हर जुर्म तेरा याद है', 'तुम नाराज हो' और 'रोने ना दिया' जैसे उनके कई गाने बेहद लोकप्रिय हैं।