
'बेशरम रंग' के बाद फिर शुरू हुई 'पठान' को बायकॉट कराने की मुहिम, #Boycottpathaan हुआ ट्रेंड
क्या है खबर?
शाहरुख खान एक तरफ फिल्म 'पठान' को सफल बनाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर उनकी इस फिल्म को लेकर चल रहा बायकॉट ट्रेंड थम नहीं रहा है।
बीते दिन फिल्म का पहला गाना 'बेशरम रंग' रिलीज हुआ, जिसके बाद से ट्विटर पर फिर #Boycottpathaan ट्रेंड करने लगा। गाने की रिलीज के बाद 'पठान' के बायकॉट की मांग तेज हो गई है।
आइए जानते हैं सोशल मीडिया पर क्या कह रहे लोग।
ट्रोलिंग
गाने की जमकर बुराई कर रहे लोग
'बायकॉट ट्रेंड' में लोग शाहरुख और दीपिका पादुकोण के गाने 'बेशरम रंग' की खूब बुराई कर रहे हैं। इतना ही नहीं, गाने में फिल्माए गए दृश्य और दीपिका के कपड़ों को लेकर भी भद्दी-भद्दी बातें की जा रही हैं।
कुछ तो ऐसे हैं, जो शाहरुख के पुराने-पुराने वीडियो निकालकर उनकी आलोचना कर रहे हैं और उनके मंदिर जाने पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
दरअसल, हाल ही में शाहरुख वैष्णो देवी गए थे।
आलोचना
गाने के साथ दीपिका का लुक भी निशाने पर
एक यूजर ने लिखा, 'दीपिका का लुक बहुत वाहियात है।'
एक यूजर ने लिखा कि बॉलीवुड ने भगवा रंग का इस्तेमाल पॉर्न के लिए किया है।
वहीं एक का मानना है कि महिलाओं को इस तरह से नग्न करके बॉलीवुड का उद्देश्य सिर्फ भारत और उसकी मर्यादा को खत्म करना है।
एक ने लिखा, 'यह तो अश्लीलता की हद हो गई भाई।'
भाजपा कार्यकर्ता अरुण यादव ने भी इस फिल्म और गाने की आलोचना की है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए ट्वीट
पठान फ़िल्म में हक्ले ने हीरोइन को भगवा रंग की पोशाक पहनाई और गाने का नाम बेशरम रंग रख दिया#BoycottPathaan pic.twitter.com/mSlzcTWJ3u
— Arun Yadav 🇮🇳 (@beingarun28) December 13, 2022
ट्रोलिंग
सुशांत के प्रशंसक भी पीछे नहीं रहे
'पठान' को बायकॉट कराने में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के प्रशंसकों का भी हाथ है। वे बॉलीवुड के साथ 'पठान' से भी किनारा करने की मांग कर रहे हैं।
उनके मुताबिक, सुशांत को इंसाफ दिलाने के लिए बॉलीवुड के साथ-साथ 'पठान' का भी बहिष्कार करना होगा।
एक ने वो वीडियो भी शेयर किया, जिसमें शाहरुख ने सुशांत को एक अवॉर्ड शो में नीचा दिखाने की कोशिश की थी। सुशांत के प्रशंसक 'पठान' के लिए खूब बुरा-भला बोल रहे हैं।
जानकारी
विशाल और शेखर ने दिया गाने को संगीत
'पठान' के पहले गाने 'बेशरम रंग' को विशाल और शेखर ने संगीत दिया है। इसके बोल कुमार के हैं। गाने को शिल्पा राव, कैरालिसा मोंटेरियो, विशाल और शेखर ने गाया है, वहीं वैभवी मर्चेंट इसकी कोरियोग्राफर हैं। 'पठान' अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी।
शुरुआत
कब हुई थी बायकॉट अभियान की शुरुआत?
'पठान' को बायकॉट करने का ट्रेंड तब शुरू हुआ था, जब इसका टीजर सामने आया था। ना सिर्फ लोगों ने इसके VFX की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि शाहरुख के एक्शन का भी जमकर मजाक उड़ाया।
पिछले दिन जब शाहरुख वैष्णो देवी गए तो सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा, 'अरे कुछ भी कर लो 'पठान' ने फ्लॉप ही होना है।'
एक ने लिखा, 'चाहे हनुमान जी की DP लगा लो, फिर भी फिल्म को फ्लॉप होने से कोई नहीं रोक सकता।'
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' के बायकॉट ट्रेंड ने भी फिल्म की रिलीज के आसपास खूब जोर पकड़ा था। ट्रेड पंडितों ने तो यह तक कहा कि सोशल मीडिया पर हुए फिल्म के विरोध के चलते बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई प्रभावित हुई।