पहलाज निहलानी की वो फिल्में, जिन्होंने रातों-रात चमकाई इन सितारों की किस्मत
क्या है खबर?
बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 76 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। उनके निधन से सिनेमा जगत को गहरा सदमा लगा है, क्योंकि पहलाज को सिनेमा का "स्टार मेकर" कहा जाता था। वह सिर्फ फिल्में नहीं बनाते थे, बल्कि नए और संघर्षरत कलाकरों को सीधे जनता का चहेता बना देते थे। यहां देखिए उनकी ऐसी ही कुछ यादगार फिल्में।
#1
'इल्जाम'
साल 1986 में पहलाज द्वारा निर्मित फिल्म 'इल्जाम' रिलीज हुई थी। इसमें गोविंदा और नीलम कोठारी मुख्य किरदार में थे। शत्रुघ्न सिन्हा, शशि कपूर और प्रेम चोपड़ा भी इसका हिस्सा थे। भले ही यह गोविंदा की डेब्यू फिल्म नहीं थी, लेकिन इसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। फिल्म में मौजूद गाना 'स्ट्रीट डांसर' उस वक्त इतना बड़ा हिट हुआ कि लोगों ने गोविंदा को नया डांसिंग सेंसेशन मान लिया था। यहीं से उनकी किस्मत का ताला खुल गया था।
#2 & #3
'आग ही आग' और 'शोला और शबनम'
साल 1987 में आई फिल्म 'आग ही आग' से पहलाज ने चंकी पांडे को बॉलीवुड में लॉन्च किया था। शिबू मित्रा द्वारा निर्देशित यह फिल्म बाॅक्स ऑफिस पर इस कदर हिट हुई कि चंकी रातों-रात युवाओं के क्रश और फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बन गए थे। पहलाज ने गोविंदा के साथ 'शोला और शबनम' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देकर उन्हें 'सुपरस्टार का खिताब' दिलाया। फिल्म में दिव्या भारती भी थीं। यह आज बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में से एक है।
#4 & #5
'आंखें' और 'अंदाज'
पहलाज के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर 'आंखें' साबित हुई। फिल्म में गोविंदा, चंकी और रितु शिवपुरी जैसे सितारे थे। 'लाल दुपट्टे वाली' गाने ने रितु को सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। वहीं गोविंदा और चंकी की जोड़ी ने धमाल मचा दिया था। अनिल कपूर, करिश्मा कपूर और जूही चावला की फिल्म 'अंदाज' भी हिट रही। फिल्म में करिश्मा ने अपने अभिनय से तहलका मचा दिया, जिसके बाद वह 90 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल हो गई।