ऑस्कर 2026: 'वन बैटल आफ्टर अनदर' और 'सिनर्स' की बड़ी जीत, जानिए किसे मिला कौन-सा पुरस्कार
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित सिनेमाई सम्मान 98वें एकेडमी अवार्ड्स का आगाज हो चुका है और हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर से सुनहरी ट्राफियां अपने-अपने नए मालिकों के पास पहुंच गई हैं, क्योंकि विजेताओं की घोषणा हो चुकी है। रयान कूगलर की फिल्म 'सिनर्स' ने इस साल सबसे ज्यादा 16 नामांकन पाकर इतिहास रच दिया था। आइए जानते हैं इस बार फिल्मी दुनिया के इस सबसे बड़े पुरस्कार समारोह में किसे किस श्रेणी में मिला पुरस्कार।
बड़ी जीत
'वन बैटल आफ्टर अनदर' का बोलबाला
'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने बेस्ट पिक्चर का खिताब जीतकर सिनेमा के सबसे बड़े मंच पर दबदबा दिखाया। फिल्म के निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन ने बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एडेप्टेड स्क्रीनप्ले का ऑस्कर अपने नाम किया। दिग्गज अभिनेता सीन पेन को सहायक अभिनेता का ऑस्कर मिला। ऑस्कर समारोह में पहली बार शामिल बेस्ट कास्टिंग का अवॉर्ड भी इसी फिल्म के लिए गया, जिसे कैसांद्रा कुलुकुंडिस ने जीता। इसके अलावा फिल्म ने बेस्ट फिल्म एडिटिंग का ऑस्कर भी अपने नाम किया।
जानकारी
सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म कौन?
निर्देशक जोआचिम ट्रायर की फिल्म 'सेंटीमेंटल वैल्यू' ने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म का ऑस्कर अपने नाम किया है। ये नॉर्वे के लिए इस श्रेणी में पहला ऑस्कर है, जो इसे देश के सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनाता है।
सर्वश्रेष्ठ कलाकार
किसे मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान?
ऑस्कर 2026 में अभिनेता माइकल बी जॉर्डन ने लियोनार्डो डिकैप्रियो जैसे दिग्गज कलाकारों को पछाड़ते हुए अपनी फिल्म 'सिनर्स' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार हासिल किया। उधर फिल्म 'हैमनेट' में अपनी रूह कंपा देने वाली अदाकारी से दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत चुकी जेसी बकले ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। मंच पर अपना नाम सुनकर वो रो पड़ीं। दूसरी ओर अभिनेत्री एमी मैडिगन ने अपनी फिल्म 'वेपन्स' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।
उपलब्धि
पहली महिला विजेता बनी ऑटम अरकापाव, 'सिनर्स' को सिनेमैटोग्राफी का खिताब
ऑस्कर 2026 में न केवल ग्लैमर का जादू चला, बल्कि इतिहास के पन्ने भी पलटे गए। रयान कूगलर की फिल्म 'सिनर्स' के लिए ऑटम अरकापाव ने सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी का पुरस्कार जीतकर धमाका कर दिया है। वो ऑस्कर के 98 साल के इतिहास में ये पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला सिनेमैटोग्राफर बन गई हैं। ऑटम न केवल इस श्रेणी में जीत दर्ज करने वाली पहली महिला बनीं, बल्कि वो यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली अश्वेत महिला भी हैं।
जीत
ऑस्कर में 'सिनर्स' की शानदार शुरुआत, रयान कूगलर की बड़ी जीत
निर्देशक और लेखक रयान कूगलर ने फिल्म 'सिनर्स' के लिए 'बेस्ट ओरिजनल स्क्रीलप्ले' का ऑस्कर जीतकर इतिहास रच दिया है। 16 नामांकन के साथ इस साल रेस में सबसे आगे चल रही इस फिल्म ने इस जीत के साथ अपनी सफल शुरुआत कर दी है। 98वें एकेडमी अवार्ड्स में फिल्म 'केपॉप डेमोन हंटर्स' के सुपरहिट गाने 'गोल्डन' ने 'सर्वश्रेष्ठ मूल गीत' का ऑस्कर अपने नाम कर लिया है। 'बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन' की श्रेणी में पुरस्कार 'फ्रेंकेंस्टीन' ने पुरस्कार जीता।
शॉर्ट फिल्म
शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में इन 2 फिल्मों को मिला ऑस्कर
सर्वश्रेष्ठ लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में इस साल 1 नहीं, बल्कि 2 फिल्मों ने बाजी मारी है। सैम ए डेविस के निर्देशन में बनी फिल्म 'द सिंगर्स' और नताली मस्टियाटा व एलेक्जेंडर सिंह के निर्देशन में बनी 'टू पीपल एक्सचेंजिंग सलाईवा' दोनों ही फिल्मों को संयुक्त रूप से ऑस्कर विजेता घोषित किया गया। निर्देशक क्रिस लाविस और मासीक सजेरबोव्स्की की फिल्म 'द गर्ल हू क्राइड पर्ल्स' ने सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का ऑस्कर अपने नाम कर लिया है।
विजुअल इफेक्ट्स अवॉर्ड
'अवतार: फायर एंड ऐश' ने जीता बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स अवॉर्ड
पेंडोरा की दुनिया ने एक बार फिर अपना जादू चला दिया है। दिग्गज निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' ने इस साल का अपना पहला ऑस्कर जीत लिया है। फिल्म को बेहतरीन विजुअल अनुभव के लिए 'बेस्ट विजुअल अफेक्ट्स' की श्रेणी में विजेता घोषित किया गया। बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म का खिताब मिस्टर नो बडी अगेंस्ट पुतिन ने अपने नाम किया तो बेस्टर डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म के लिए ऑल द एम्प्टी रूम्स ने अपनी जीत दर्ज की।