ऑस्कर पर ड्रोन हमले का खतरा, FBI की चेतावनी के बाद चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
क्या है खबर?
ऑस्कर अवॉर्ड्स पर इस साल आतंकी हमले का काला साया मंडरा रहा है। FBI और कैलिफोर्निया की सुरक्षा एजेंसियों ने एक चौंकाने वाला अलर्ट जारी किया है, जिसमें समारोह पर ईरानी ड्रोन हमले की आशंका जताई गई है। इस गंभीर खतरे के बाद पूरे वेन्यू को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस अंतरराष्ट्रीय खतरे से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर हैं ताकि दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह को सुरक्षित रखा जा सके।
सतर्कता
कैलिफोर्निया में ऑस्कर आयोजनों पर संभावित खतरे की तैयारी
इस साल के ऑस्कर अवॉर्ड्स की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन FBI की एक चेतावनी ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। हाल ही में हॉलीवुड में रेड कार्पेट बिछाया गया, जहां इस साल के होस्ट कोनन ओ'ब्रायन और मीडिया जगत के लोग मौजूद थे। FBI ने कैलिफोर्निया पुलिस को चेतावनी दी है कि ईरान द्वारा अमेरिका के पश्चिमी तट पर ड्रोन हमले की आशंका है। ये एक जवाबी कार्रवाई हो सकती है।
तैयारी
ऑस्कर समारोह से पहले सुरक्षा कड़ी, आयोजकों ने कहा- तैयारियां पुख्ता
एकेडमी अवॉर्ड्स के आयोजकों का कहना है कि उनकी सुरक्षा तैयारियां बेहद पुख्ता और 'रूटीन' (नियमित) प्रक्रिया का हिस्सा हैं। वे किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं। रेड कार्पेट बिछने के साथ ही पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि इस वैश्विक समारोह को सुरक्षित संपन्न कराया जा सके। हाल ही में FBI ने पूरे कैलिफोर्निया की सुरक्षा एजेंसियों को एक बेहद गंभीर नोटिस जारी किया है।
चेतावनी
ईरान के संभावित ड्रोन हमले की चेतावनी
अमेरिका की हालिया सैन्य कार्यवाहियों के जवाब में ईरान कैलिफोर्निया के पश्चिमी तट को निशाना बना सकता है। चेतावनी में कहा गया है कि ईरान इस हमले के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर सकता है। ये अलर्ट ठीक ऑस्कर समारोह से पहले आया है, जिसने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। हालांकि, ऑस्कर का आयोजन करने वाली संस्था 'एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' ने सुरक्षा मेमो पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
समारोह
डॉल्बी थिएटर में सजेगा ऑस्कर 2026 का मंच
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन लॉस एंजिल्स के मशहूर डॉल्बी थिएटर में होने जा रहा है। अमेरिका में ये समारोह 15 मार्च को होगा, लेकिन भारत में इसका सीधा प्रसारण सोमवार, 16 मार्च 2026 को सुबह 5:30 बजे से शुरू होगा। भारत में दर्शक इसे जियो हॉटस्टार और स्टार नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देख सकेंगे। अमेरिका में इसका प्रसारण ABC नेटवर्क और Hulu पर होगा।