ऑस्कर 2022: विल स्मिथ ने स्टेज पर चढ़कर क्रिस रॉक को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल

94वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह के विजेताओं की घोषणा हो गई है। दुनियाभर के दर्शकों की निगाहें इस प्रतिष्ठित समारोह पर टिकी थी। यह इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। जहां अवॉर्ड अपनी जीत को लेकर विल स्मिथ ने खूब सुर्खियां बटोरीं, वहीं शो के होस्ट क्रिस रॉक के साथ हुई उनकी कहासुनी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। स्मिथ और क्रिस के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ, आइए जानते हैं।
स्मिथ ने किया दर्शकों से लेकर फैंस तक को हैरान
इस साल इवेंट में ऐसा कुछ भी हुआ, जो ऑस्कर अवॉर्ड समारोह के इतिहास में आज तक कभी नहीं हुआ। दरअसल, इवेंट के दौरान विल स्मिथ ने होस्ट क्रिस रॉक को थप्पड़ मार दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्मिथ के फैंस से लेकर दर्शक तक सभी यह सीन देख हैरान रह गए हैं। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा है कि हमेशा कूल दिखने वाले स्मिथ ने ऐसा कुछ किया।
एक्टर से सहन नहीं हुआ पत्नी पर किया गया मजाक
ऑस्कर पुरस्कारों के वितरण के दौरान क्रिस ऑस्कर अवॉर्ड देने के लिए स्टेज पर पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट के बालों को लेकर एक मजाक किया, जो स्मिथ को पसंद नहीं आया। इसके बाद वह स्टेज पर पहुंचे और उन्होंने क्रिस को थप्पड़ जड़ दिया। अपनी सीट पर वापस आने के बाद स्मिथ, क्रिस पर चिल्लाते हुए कहने लगे कि उनकी पत्नी का नाम अपने मुंह से मत लेना।
यहां देखिए वीडियो
The Full Uncensored video of Will Smith’s altercation with Chris Rock at the #Oscars pic.twitter.com/cGQ3plSEiz
— Movies (@moreoffilms) March 28, 2022
Alopecia नाम की बीमारी से जूझ रहीं जेडा
फिल्म 'G.I Jane 2' को लेकर क्रिस ने जेडा का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि बाल ना होने की वजह से ही जेडा को इस फिल्म में काम करने का मौका मिला था। दरअसल, जेडा कई सालों से Alopecia (बाल झड़ने की एक समस्या) से जूझ रही हैं। इस वजह से जुलाई, 2020 में उन्होंने अपने पूरे बाल कटवा लिए थे। बीते दिसंबर इंस्टाग्राम पर जेडा ने यह खुलासा किया था कि वह और Alopecia दोस्त बनने जा रहे हैं।
स्मिथ ने स्पीच में मांगी माफी
पहले सबको लगा कि ये शो की स्क्रिप्ट का हिस्सा हैै, लेकिन फिर कुछ वीडियो आए, जिसमें स्मिथ रोते हुए दिखे। इतना ही नहीं, स्मिथ ने अपनी स्पीच में शो के आयोजकों से लेकर दर्शकों तक से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा, "मैं अकादमी से माफी मांगना चाहता हूं। मैं जो बाकी नॉमिनेट हुए हैं, उन लोगों से माफी मांगना चाहता हूं। प्यार आपको क्रेजी चीजें करने पर मजबूर कर देता है।" स्मिथ इस दौरान काफी भावुक हो गए थे।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
स्मिथ को निर्देशक रेनाल्डो मारकस ग्रीन की फिल्म 'किंग रिचर्ड' में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया। फिल्म उस पिता की कहानी है, जिसने अपनी बेटियों के जन्म से पहले ही 78 पेज का उनका पूरा करियर प्लान लिख डाला था।