12 जून को सिनेमाघरों में आएंगी 20 से ज्यादा फिल्में, कौन करेगा बॉक्स ऑफिस पर राज?
12 जून को सिनेमाघरों में फिल्मों की जैसे बाढ़ सी आने वाली है। उस दिन पूरे भारत में 20 से ज्यादा फिल्में रिलीज हो रही हैं।
इनमें मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर', इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' और कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' जैसी बड़ी हिंदी फिल्में शामिल हैं।
हॉलीवुड से भी 'स्केरी मूवी' और हॉरर फिल्म 'बैकरूम्स' दर्शकों के लिए आ रही हैं।
सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, क्षेत्रीय भाषाओं की ये फिल्में भी हो रही हैं रिलीज
सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, क्षेत्रीय सिनेमा भी इस बार पूरे जोश में दिख रहा है। तमिल भाषा के दर्शकों के लिए 'वल्ल्वन' और 'हाबीबी' होंगी, तो वहीं तेलुगु में 'सिंग गीतम' और 'चारुकेसी' रिलीज हो रही हैं। कन्नड़ में 'ग्रामायण' और 'उत्तर' देखने को मिलेंगी।
मराठी दर्शक 'द महाराष्ट्र फाइल्स' का मजा ले पाएंगे, जबकि बंगाली दर्शक 'आबर हवा बदलल' देखेंगे। पंजाबी सिनेमाघरों में 'ओए भोले ओए 2' भी आ रही है।
तरण आदर्श ने इस चीज पर जताई चिंता
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श को इतनी सारी फिल्मों की एक साथ रिलीज से थोड़ी चिंता है। उनका मानना है कि इतनी भीड़ में कुछ फिल्मों को शायद थिएटर में जगह या दर्शक मिलना मुश्किल हो सकता है, लेकिन निर्माता जयंतीलाल गड़ा इससे सहमत नहीं हैं।
उनका कहना है, 'अगर फिल्म की कहानी में दम है, तो दर्शक उसे ढूंढ ही लेंगे। हो सकता है किसी फिल्म को शुक्रवार को कम स्क्रीन मिलें, पर अगर लोगों को पसंद आई तो हफ्ते के आखिरी दिनों में उसकी स्क्रीन बढ़ जाएंगी और जो फिल्में कमजोर होंगी, वे अपनी जगह खो देंगी।'