नेटफ्लिक्स पर अब मिलेंगे छोटे और मजेदार शो, हर मूड और खाली वक्त के लिए हमेशा मौजूद रहेगा नया कंटेंट
नेटफ्लिक्स अब शॉर्ट-फॉर्म (छोटे वीडियो) कंटेंट की दुनिया में कदम रखने जा रहा है। आगामी 3 अगस्त से अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के यूजर्स को इसके नए शॉर्ट एपिसोड मिलने शुरू हो जाएंगे। आजकल टिकटॉक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट देखने के बदलते ट्रेंड को ध्यान में रखकर ही नेटफ्लिक्स ने इन्हें तैयार किया है, जिनकी अवधि 2 मिनट से लेकर 20 मिनट से ज्यादा तक होगी। इसका मुख्य मकसद दर्शकों को लगातार कुछ नया और दिलचस्प परोसना है, जो उनके रोजाना के फोन स्क्रॉलिंग रूटीन में आसानी से फिट हो सके।
नेटफ्लिक्स ने बजफीड और कॉन्डे नास्ट के साथ की साझेदारी
शॉर्ट-फॉर्म वीडियो कंटेंट के लिए नेटफ्लिक्स ने बजफीड स्टूडियोज, कॉन्डे नास्ट, पेन्स्के मीडिया, हर्स्ट मैगजीन्स और पीपल इंक जैसे दुनिया के बड़े मीडिया नामों के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के जरिए दर्शकों को 'वैनिटी फेयर' (लाइ डिटेक्टर), 'बजफीड' (30 क्वेश्चन्स) और 'वैराइटी' (नो देअर लाइन्स?) जैसे मशहूर ब्रांड्स के छोटे और मजेदार शो देखने को मिलेंगे। नेटफ्लिक्स के एनिमेशन सीरीज और किड्स एंड फैमिली टीवी के वाइस प्रेसिडेंट जॉन डर्डेरियन ने बताया कि इस पहल से फैंस को अपनी पसंद के किरदारों और कहानियों को नए अंदाज में एक्सप्लोर करने का मौका मिलेगा, जिससे उनके हर मूड और खाली वक्त के लिए नेटफ्लिक्स पर हमेशा कुछ न कुछ नया मौजूद रहेगा।