आलिया के वकील का आरोप, दुबई में फंसी है नवाजुद्दीन सिद्दीकी की घरेलू सहायिका
नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया के बीच तल्खियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। दोनों पक्षों के वकील पति-पत्नी पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। हाल ही में आलिया के पहले पति पर बयानबाजी को लेकर दोनों वकील भिड़ गए थे। अब आलिया के वकील रिजवान सिद्दीकी ने दुबई में फंसी नवाज की घरेलू सहायिका का वाडियो साझा किया है और आरोप लगाया है कि नवाज ने उन्हें दुबई में उनके हाल पर छोड़ दिया है।
कई महीनों से नहीं मिली पगार
रिजवान ने ट्विटर पर घरेलू सहायिका का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में लड़की का दावा है कि वह दुबई में फंसी हुई है। उसके पास अब न खाने के लिए कुछ बचा है, न ही पैसे हैं। उसका यह भी दावा है कि वीजा की आड़ में नवाज ने उसे कई महीने से पगार नहीं दी है। वीडियो में वह रोते हुए वह भारत वापस भेजे जाने की गुहार लगाती दिख रही है।
दस्तावेजों में भी धांधली का आरोप
रिजवान के अनुसार, यह वीडियो उन्हें नवाज की घरेलू सहायिका सपना ने भेजा है। सपना को दुबई में उनके बच्चों की देखभाल करने के लिए रखा गया था। सरकारी दस्तावेजों में सपना को सेल्स मैनेजर के रूप में दाखिल किया गया है। आलिया के भारत लौटने के बाद वह दुबई में अकेले फंस गई हैं। नवाज ने घर का किराया और बिजली का बिल भी नहीं भरा है, जिसकी वजह से सपना कुछ दिन में बेघर हो जाएंगी।
रिजवान ने वीडियो के साथ जारी किया बयान
नवाज की मां और पत्नी ने लगाए थे एक-दूसरे पर आरोप
आलिया अपने बच्चों के साथ दुबई में रहती थीं। पिछले महीने वह भारत आईं और नवाज के बंगले में रहने लगीं। उनका वहां रहना नवाज की मां को पसंद नहीं आया और उन्होंने आलिया पर घर में जबरदस्ती घुसने का आरोप लगाया। उन्होंने बहू आलिया के खिलाफ IPC की धारा 452, 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कराया था। इसके बाद आलिया ने भी अपनी सास के खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।
2009 में हुई थी नवाज और आलिया की शादी
नवाजुद्दीन ने आलिया से 2009 में शादी की थी। इस्लाम धर्म अपनाने से पहले आलिया, अंजना पांडे थीं। इनके दो बच्चे हैं- शोरा और यानी। 2020 में आलिया ने खुलासा किया था कि वह नवाजुद्दीन से तलाक ले रही हैं। तब पहली बार उनके रिश्ते में आई खटास के बारे में पता चला था, लेकिन एक साल बाद यानी 2021 में आलिया ने तलाक का फैसला वापस लेने का मन बनाया। इसके बाद वह दुबई चली गई थीं।
इन फिल्मों में नजर आने वाले हैं नवाज
जहां निजी जिंदगी में नवाज मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, वहीं प्रशंसकों के लिए उनकी फिल्मों की कतार लगी हुई है। उनकी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हड्डी' चर्चा में है। भूमि पेडनेकर के साथ उनकी फिल्म 'अफवाह' जल्द रिलीज होने वाली है। वहीं उनका फिल्में 'टीकू वेड्स शेरू', 'बोले चूड़ियां', 'नूरानी चेहरा' और 'अद्भुत' जैसी फिल्में भी रिलीज होने के लिए कतार में हैं। नवाज की ये फिल्में सीधा OTT पर रिलीज की जाएंगी।