
कौन थे दिग्गज तेलुगु कंपोजर राज, जिन्होंने कोटि संग 300 से अधिक फिल्मों में दिया संगीत?
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज म्यूजिक कंपोजर राज-कोटि की जोड़ी के राज का 21 मई को हैदराबाद में निधन हो गया है।
उनका असली नाम थोटकुरा सोमराजू था। वह 68 वर्ष के थे और वह प्रसिद्ध तेलुगू संगीतकार टीवी राजू के बेटे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया।
आज (सोमवार) हैदराबाद में राज का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राज
फिल्म 'प्रलय गर्जाना' से की शुरुआत
राज ने संगीतकार कोटि के साथ हाथ मिलाया और टॉलीवुड में कई फिल्मों में हिट संगीत दिया।
दोनों ने पहली बार साल 1982 में आई फिल्म 'प्रलय गर्जाना' के लिए साथ काम किया था।
13 साल के लंबे समय में राज-कोटि ने करीब 300 फिल्मों में साथ काम किया।
उनकी कुछ बेहतरीन फिल्मों में 'यमुदिकी मोगुडु' (1988), 'जयम्मू निश्चयमू रा' (1989), 'कैदी नंबर 786' (1988), 'बावा बमरिदी' (1993), 'मुता मेस्त्री'(1993) और 'हैलो ब्रदर' (1994) शामिल हैं।
राज-कोटि
1995 में अलग हो गई थी राज-कोटि की जोड़ी
राज-कोटि के ज्यादातर गाने एसपी बालासुब्रमण्यम और चित्रा ने गाए हैं। इस जोड़ी ने कई गाने लिखे भी हैं और उनमें से कुछ को गाया भी है।
राज-कोटि ने 1994 में अपनी फिल्म 'हैलो ब्रदर' के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के रूप में नंदी पुरस्कार जीता था, जिसमें नागार्जुन ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
1995 में कुछ मतभेदों की वजह से राज-कोटि अलग हो गए। हालांकि, जोड़ी टूटने के बाद भी दोनों ने अलग-अलग काम किया और कई सुपरहिट गाने बनाए।