कंगना रनौत के शो 'लॉक अप' के विजेता बने कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी
कंगना रनौत के रियलिटी शो 'लॉक अप' को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसका प्रसारण 27 फरवरी को ALT बालाजी और MX प्लेयर पर शुरू हुआ था। इसका फॉर्मेट काफी हद तक 'बिग बॉस' से मिलता-जुलता है। इसका ग्रैंड फिनाले शनिवार को आयोजित किया गया, जिसमें मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को 'लॉक अप' के पहले सीजन का विजेता चुना गया। मुनव्वर ने जहां खिताब अपने नाम किया, वहीं पायल रोहतगी और अंजलि अरोड़ा को फर्स्ट और सेकेंड रनरअप घोषित किया गया।
ट्रॉफी के साथ मिली 20 लाख रुपये की राशि
मुनव्वर को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की राशि दी गई। उन्हें एक कार और इटली ट्रिप पर जाने का ऑफर मिला। ALT बालाजी ने ट्विटर पर शो के विजेता का ऐलान किया। ALT बालाजी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'जनता और कंगना दोनों के पसंदीदा मुनव्वर को मिलती है 'लॉकअप' के अत्याचारी जेल से बेल। हार्दिक बधाई।' जैसे ही कंगना ने विजेता के रूप में मुनव्वर के नाम का ऐलान किया, उनकी उत्सुकता देखते ही बन रही थी।
यहां देखिए ट्विटर पोस्ट
ये प्रतिभागी बने शो के फाइनलिस्ट
कंगना के इस शो में पायल, अंजलि, आजमा फलाह और शिवम शर्मा फाइनलिस्ट बने थे। 70 दिनों के लंबे सफर के बाद यह शो समाप्त हुआ। अधिकांश रियलिटी शो की तरह इस शो में वोटों के आधार पर विजेता के नाम पर मुहर नहीं लगाई गई। इसमें प्रतिभागियों के पर्सनालिटी को भी तव्वजो दी गई। ट्रॉफी जीतने के बाद मुनव्वर ने अपने फैंस के प्रति आभार जताया है। वह शुरुआत से ही शो के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।
इन वजहों से शो में मुनव्वर ने हमेशा बटोरीं सुर्खियां
शो में मुनव्वर का अलग अंदाज दर्शकों को पसंद आया। उन्होंने एक मास्टरमाइंड की तरह गेम खेला और अपनी ओर सभी का ध्यान खींचा। शो की प्रतिभागी अंजलि के साथ उनकी नजदीकियां चर्चा में रहीं। लोगों के बीच इस बात की चर्चा होने लगी कि मुनव्वर अंजलि के प्यार में पड़ गए हैं। कभी अपनी मां की कहानी सुनाकर, तो कभी बचपन में हुए यौन शोषण की कहानी बताकर मुनव्वर ने हमेशा सुर्खियां बटोरीं।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
30 वर्षीय मुनव्वर का जन्म 1992 में गुजरात के जूनागढ़ में हुआ था। उन्होंने कई वीडियो में बताया है कि 2002 के गुजरात दंगों में उनका घर तबाह हो गया था। इसके बाद वह मुंबई के डोंगरी इलाके में आकर परिवार के साथ रहने लगे।
विवादों से रहा है मुनव्वर का नाता
मुनव्वर को पिछले साल जनवरी में इंदौर से गिरफ्तार किया गया था। उन पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगा था। 37 दिन जेल में बिताने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी। इसके बाद उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी करने की योजना बनाई थी। एक राजनेता के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ ने उन पर हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगया था। इसके बाद देशभर में उनके कई शो रद्द कर दिए गए थे।