मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती, हुई सर्जरी; हाल-चाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता और राजनेता मिथुन चक्रवर्ती कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनके हाथ की एक छोटी सी सर्जरी हुई है। सर्जरी के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर मिथुन दा का हाल-चाल जाना और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की व प्रशंसकों को उनकी सेहत से जुड़ा अपडेट दिया।
सेहत का हाल
मिथुन चक्रवर्ती से मिलने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री
मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बीमार होने की खबर आते ही शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे।
मुलाकात के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने दिग्गज अभिनेता का इलाज कर रही मेडिकल टीम से भी बात की और उनकी सेहत का हाल-चाल जाना।
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें मिथुन दा मेडिकल प्रक्रिया (सर्जरी) के बाद बिस्तर पर आराम करते दिखाई दे रहे हैं।
पोस्ट
सुवेंदु ने की अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
सुवेंदु अधिकारी ने अपनी इस मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए इस दौरे की पूरी जानकारी ट्वीट की।
मुख्यमंत्री ने लिखा, 'महान फिल्म अभिनेता और भाजपा की केंद्रीय समिति के सदस्य मिथुन चक्रवर्ती शारीरिक अस्वस्थता के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मैं आज उनसे मिलने अस्पताल गया था। मैंने उनसे बात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
बयान
मिथुन को जल्द मिलेगी अस्पताल से छुट्टी
इसके बाद मीडिया से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात मिथुन चक्रवर्ती का एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ है और अब वो पूरी तरह ठीक हैं।
IANS के अनुसार उन्होंने कहा, "मिथुन दा इस बीमारी का प्रचार नहीं चाहते थे। उनकी सेहत ठीक है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उनकी पहचान सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवादी सरकार की नींव रखने में उनका योगदान अतुलनीय है।"