LOADING...
मेट गाला में ये सितारे जमाएंगे महफिल, कब और कहां देखें फैशन की सबसे बड़ी रात?
मेट गाला 2026 भारत में कब और कहां देखें?

मेट गाला में ये सितारे जमाएंगे महफिल, कब और कहां देखें फैशन की सबसे बड़ी रात?

May 01, 2026
12:42 pm

क्या है खबर?

प्रतिष्ठित फैशन इवेंट 'मेट गाला' का बिगुल बज चुका है और इस बार न्यूयॉर्क के रेड कार्पेट पर भारतीय सितारों का जबरदस्त दबदबा दिखने वाला है। जहां करण जौहर अपना भव्य डेब्यू करने को तैयार हैं, वहीं प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण एक बार फिर अपने लुक्स से धमाका करने वाली हैं। 'फैशन की सबसे बड़ी रात' में कौन-कौन से भारतीय मेहमान शिरकत करेंगे और आप इसे भारत में कब और कहां लाइव देख सकते हैं, आइए जानें सब कुछ।

डेब्यू

इस बार करण जौहर भी बढ़ाएंगे शान

न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में 4 मई को होने वाले 'फैशन के महाकुंभ' मेट गाला 2026 में तमाम भारतीय सितारों का दबदबा देखने को मिलेगा। इस साल फिल्म निर्माता करण जौहर अपना ग्रैंड डेब्यू करने जा रहे हैं। वैराइटी इंडिया के मुताबिक, करण इस प्रतिष्ठित इवेंट में अकेले शिरकत नहीं करेंगे। उम्मीद है कि वो नताशा पूनावाला के साथ रेड कार्पेट पर उतरेंगे। करण के करीबी दोस्त और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी इवेंट में नजर आएंगे।

इंतजार

रेड कार्पेट पर पहली बार दिखेगा दीपिका पादुकोण का बेबी बंप

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण एक बार फिर मेट गाला के रेड कार्पेट पर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार हैं, लेकिन इस बार खास बात ये है कि उनके साथ पति रणवीर सिंह के भी नजर आने की पूरी संभावना है। इस बार की उपस्थिति और भी ज्यादा खास होने वाली है, क्योंकि दीपिका वर्तमान में अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। फैंस इस ऐतिहासिक रेड कार्पेट पर उनके 'बेबी बंप' वाले पल को देखने को बेहद उत्साहित हैं।

Advertisement

वापसी  

प्रियंका चोपड़ा और आलिया भट्‌ट की शानदार वापसी

प्रियंका चोपड़ा इस इवेंट में अपनी एक अलग और निर्णायक पहचान बनाए हुए हैं। अपने डेब्यू के बाद से उन्होंने रेड कार्पेट पर कई ऐसे लुक्स दिए हैं, जिन्हें भुला पाना मुश्किल है, वहीं चर्चा है कि आलिया भट्ट भी इस साल मेट गाला में शानदार वापसी कर सकती हैं। सिर्फ बॉलीवुड सितारे ही नहीं, बल्कि बिजनेस जगत की प्रभावशाली हस्ती ईशा अंबानी भी मेट गाला 2026 में अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार हैं।

Advertisement

समारोह

5 मई की सुबह भारत में मचेगा 'फैशन' का धमाल

भारतीय दर्शक 5 मई की सुबह साढ़े 3 बजे से वोग के यूट्यूब चैनल पर मेट गाला के रेड कार्पेट को लाइव देख सकते हैं। इस साल का आयोजन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इसकी सह-अध्यक्षता बियॉन्से, निकोल किडमैन, वीनस विलियम्स और अन्ना विंटोर जैसी दिग्गज हस्तियां कर रही हैं, जबकि 'लिसा' होस्ट कमेटी का हिस्सा हैं। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि सितारे 'फैशन इज आर्ट' थीम को कितने यादगार अंदाज में पेश करते हैं।

Advertisement