सलमान खान की 'मातृभूमि' में आखिरी बार दिखे प्रशांत तमांग, मियांग चेंग हुए भावुक
क्या है खबर?
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस' का ट्रेलर जारी हो चुका है। गलवान घाटी में चीनी सैनिक के साथ भारतीय जवानों के संघर्ष पर आधारित इस फिल्म में दिवंगत गायक और अभिनेता प्रशांत तमांग भी आखिरी बार नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर में उनकी झलक देखने को मिली जिससे उनके दोस्त और 'इंडियन आइडल' के साथी मियांग चेंग भावुक हो गए। उन्होंने प्रशांत को याद करते हुए एक दिल छूने वाला पोस्ट साझा किया है।
आखिरी उपस्थिति
मियांग ने प्रशांत के फैंस को दिया ये संदेश
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर प्रशांत के साथ की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'मेरो भाई और उनका आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस। मुझे खुशी है कि सलमान खान की 'मातृभूमि' (पहले बैटल ऑफ़ जी) आखिरकार अगले महीने सिनेमाघरों में आ रही है जिससे प्रशांत को पसंद करने वाले फैंस उन्हें इस शानदार लुक में देख सकें। आइडल से लेकर नेपाली फिल्मों से लेकर पाताल लोक तक और दुनिया भर की सबसे बड़ी स्क्रीन तक।'
यादें
फिल्म के लिए बेहद उत्साहित थे प्रशांत
मियांग ने अपनी पोस्ट में याद किया कि कैसे वह प्रशांत को 'मातृभूमि' में उनकी अपीयरेंस के लिए चिढ़ाते थे और कहते थे कि काश यह रोल उन्हें मिल जाता।
उन्होंने आगे लिखा, 'मजाक छोड़ो, तुम इसके लिए बहुत उत्साहित थे और अपने आम अंदाज में, फिर भी मुझे इसके बारे में बताने में शर्माते और अजीब महसूस करते थे। काश हम इसे साथ में देख पाते। हम इसे साथ में देखेंगे। हम तुम्हें देखेंगे।'
निधन
इसी साल दुनिया छोड़ गए थे प्रशांत
दार्जिलिंग के रहने वाले प्रशांत को सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' का तीसरा सीजन जीतने के बाद से खूब लोकप्रियता हासिल हुई थी।
बाद में उन्हें कुछ नेपाली फिल्मों से अपने अभिनय की शुुरआत की। उन्हें जयदीप अहलावत की लोकप्रिय सीरीज 'पाताल लोक' के तीसरे सीजन में भी देखा गया था।
43 साल के गायक की इसी साल जनवरी में उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी।