Page Loader
मनोज बजापेयी ने बताया बच्चे क्यों नहीं कर पाते रिजेक्शन का सामना, परवरिश पर फोड़ा ठीकरा
मनोज बाजपेयी क्यों बनना चाहते हैं माता-पिता को बच्चों के लिए खलनायक?

मनोज बजापेयी ने बताया बच्चे क्यों नहीं कर पाते रिजेक्शन का सामना, परवरिश पर फोड़ा ठीकरा

लेखन पलक
May 28, 2024
04:46 pm

क्या है खबर?

मनोज बाजपेयी की 'भैया जी' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। इसकी रिलीज के साथ ही अभिनेता ने अगले प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू कर दी है। अभिनेता एक बढ़िया कलाकार होने के साथ ही बेहतरीन पिता भी हैं और हाल में उन्होंने बच्चों की परवरिश के तौर तरीकों के बारे में बात की। मनोज के मुताबिक आज के समय में माता-पिता अपने बच्चों को कुछ ज्यादा ही लाड प्यार से पालते हैं, जो बच्चों के लिए खराब साबित होता है।

परवरिश

गलत तरह से करते हैं बच्चों की परवरिश- मनोज

एक इंटरव्यू में अभिनेता ने कहा कि आज की पीढ़ी के लिए रिजेक्शन को संभालना इसलिए इतना मुश्किल है क्योंकि बच्चों की परवरिश बहुत लाड-प्यार से की जाती है। उन्होंने कहा, "हम अपने बच्चों को कुछ बहुत ज्यादा प्यार देते हैं। हम शहरों में रहते हैं और हमने अपने बच्चों को इनाम की तरह मानना शुरू कर दिया है। हम भूल जाते हैं कि उन्हें दुनिया का सामना करना पड़ेगा और हमें उन्हें सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है।"

कारण

सोशल मीडिया के कारण वास्तविक्ता से दूर हुए बच्चे?

आज के समय में बच्चों की जो स्थिति है उसका ठीकरा मनोज ने सोशल मीडिया पर फोड़ा और दावा किया कि बच्चों की जिंदगी सिर्फ और सिर्फ स्क्रीन तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा," आजकल बच्चों का वास्तविक दुनिया से कोई वास्ता नहीं है वह सिर्फ अपने फोन और सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं। जब वे कठोर वास्तविकता से टकराते हैं, तो वे इसे संभालने में विफल रहते हैं। ऐसे में वे डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं।"

सवाल

मनोज ने उठाया बड़ा सवाल

मनोज के अनुसार माता-पिता बच्चों के साथ कठोर होकर उनके दुश्मन नहीं बनना चाहते। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बच्चों के लिए खलनायक होने में क्या बुराई है? अभिनेता के अनुसार ज्यादा लाड प्यार देने से बच्चे बिगड़ जाते हैं और कभी-कभार तो वे माता-पिता से दूर हो जाते हैं। ऐसे में उनकी सलाह यही है कि बार-बार बच्चों को यह ना दर्शाएं की आप उनसे कितना प्यार करते हैं क्योंकि यही प्यार उनकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है।

उपाय

मनोज ने बताए बच्चों को सुधारने के उपाय 

मनोज ने बच्चों को सुधारने के उपाय भी बताए और कहा कि माता-पिता को थोड़ा कठोर होना होगा और उनके सोशल मीडिया पर खर्च किए जाने वाले समय पर नजर रखनी होगी क्योंकि इससे उनके बच्चे सली दुनिया से रूबरू होंगे। उन्होंने कहा, "वे रोएंगे, बहस करेंगे, लेकिन यह उनके लिए अच्छा है। अपने आप से कहिए मैं खलनायक बनूंगा, लेकिन यह बच्चे के लिए अच्छा है। बच्चा मुझसे नफरत करेगा? ठीक है, यह उसके जीवन के लिए अच्छा है।"

जानकारी

इस फिल्म में नजर आएंगे मनोज

मनोज जल्द ही फिल्म 'डिस्पैच' में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन कनु बहल ने किया है। इसमें वह एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जो खुद को व्यापार और अपराध की दुनिया की दलदल में फंसा हुआ पाता है।