Page Loader
अन्नू कपूर के साथ ऑनलाइन ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार, बरामद हुए दस्तावेज और मोबाइल
ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए थे अन्नू कपूर

अन्नू कपूर के साथ ऑनलाइन ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार, बरामद हुए दस्तावेज और मोबाइल

Nov 24, 2022
06:01 pm

क्या है खबर?

अभिनेता अन्नू कपूर से ऑनलाइन ठगी के मामले में करीब दो महीने बाद एक गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में अंधेरी से आशीष पासवान नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार आशीष बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। 1 अक्टूबर को अन्नू ने बताया था कि वह फ्रॉड कॉल के जरिए ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी थी।

मामला

KYC अपडेट करने की आड़ में हुई थी ठगी

एक व्यक्ति ने अन्नू को फोन करके कहा था कि उनको KYC अपडेट करने की जरूरत है। इसके बाद उसने उनके बैंक खाते का विवरण और उनके नंबर पर आया वन टाइम पासवर्ड (OTP) मांगा। अन्नू ने जैसे ही ये डिटेल्स दिए, उनके खाते से करीब 4.36 लाख निकाले गए थे। इसके बाद उन्होंने ओशिवारा पुलिस थाने में इसकी FIR लिखाई थी। उन खातों को भी फ्रीज कर दिया गया था जिनमें से रकम भेजी गई थी।

गिरफ्तारी

बिहार के साइबर अपराधियों से है ताल्लुक

अब मुंबई पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार आशीष साइबर अपराधियों से ठगी करने के लिए अपने बैंक खाते के इस्तेमाल के बदले कमिशन लेता था। पुलिस ने उसके पास से कुछ दस्तावेज और दो फोन बरामद किए हैं। उसके फोन नंबर और बैंक खाते से लेन-देन की मदद से पुलिस उस तक पहुंचने में कामयाब रही। आशीष बिहार के अन्य साइबर अपराधियों के साथ जुड़ा है।

सतर्कता

किसी के साथ शेयर न करें OTP

इस तरह के अपराधों से सावधान रहने के लिए बैंकों द्वारा समय-समय पर चेतावनी जारी की जाती है। बैंक के अधिकारी अपने ग्राहकों को कभी भी OTP या अन्य विवरण के लिए फोन नहीं करते हैं। यदि आपके पास ऐसी कोई कॉल आती है, तो समझिए कि यह जालसाजी है। वहीं, पैसों के लेन-देन से संबंधित किसी भी अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें। जालसाजी का शिकार होने पर आपको तुरंत अपने बैंक और पुलिस को सूचित करना चाहिए।

अन्य कलाकार

ये कलाकार भी हो चुके हैं धांधली का शिकार

बॉलीवुड कलाकारों के साथ यह धोखाधड़ी का कोई पहला मामला नहीं है। बी-टाउन में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। अप्रैल में अभिनेता राजकुमार राव भी धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे। दरअसल, उनके नाम पर किसी शख्स ने लोन लिया था। कुछ समय पहले अभिनेत्री रिमी सेन के साथ 4.14 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। गोविंदा के नाम पर लखनऊ में एक फेक इवेंट का कार्यक्रम बनाया गया था। इस फेक इवेंट का भंडाफोड़ अभिनेता ने खुद किया था।