मलयालम से अलग होंगी हिंदी वाली 'दृश्यम 3', रिलीज तारीख भी आई सामने
फिल्म 'दृश्यम' के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। हिंदी में बन रही 'दृश्यम 3' में कुछ अहम बदलाव किए जा रहे हैं। निर्माताओं कुमार मंगात पाठक और अभिषेक पाठक ने बताया कि हिंदी और मलयालम दोनों ही वर्जन 'दृश्यम 2' की कहानी को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन हिंदी फिल्म की कहानी, पटकथा और उसके प्रस्तुतिकरण में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे। इन बदलावों का मकसद इसे हिंदी दर्शकों के साथ बेहतर तरीके से जोड़ना है। अजय देवगन इसमें मुख्य भूमिका में वापसी कर रहे हैं। अभिषेक ने कहा कि इस बार दर्शकों को कुछ नए और अनोखे पहलू देखने को मिलेंगे, यह केवल पुरानी फिल्म की नकल भर नहीं होगी।
'दृश्यम 3' की रिलीज की तारीखें तय
हिंदी 'दृश्यम 3' आगामी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस तरह फ्रैंचाइजी की परंपरा को कायम रखा जाएगा। वहीं दूसरी तरफ, मोहनलाल की मलयालम 'दृश्यम 3' पहले यानी 21 मई को रिलीज हो रही है। फिल्म बनाने वालों ने यह भी बताया कि पैनोरमा स्टूडियोज जल्द ही मलयालम सिनेमा में कदम रखने जा रहा है और इसमें मोहनलाल खुद भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे।