सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' में बदलाव करने को तैयार हुए निर्माता, कोर्ट को दिया ये आश्वासन
क्या है खबर?
जी5 की सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' 27 अप्रैल को रिलीज होनी थी, लेकिन विरोध के कारण इसे कानूनी रुकावटों का सामना करना पड़ रहा है। 12 मई को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट परियोजना से जुड़े विवाद पर सुनवाई की। इस दौरान जी एंटरटेनमेंट ने कोर्ट को सूचित किया कि रचनात्मक टीम सीरीज के नए शीर्षक पर फैसला लेगी। उन्होंने इसे अंतिम रूप देने के लिए समय मांगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीर्षक में लॉरेंस बिश्नोई का नाम नहीं होगा।
सुनवाई
'लॉरेंस ऑफ पंजाब' को लेकर कोर्ट ने की ये टिप्पणी
कोर्ट ने कहा कि उसने सीरीज देखी है और शीर्षक के अलावा विषयवस्तु में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया। पीठ ने टिप्पणी की कि परियोजना काफी हद तक समाचार पत्रों की रिपोर्टों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई गई सामग्री पर आधारित प्रतीत होती है। कोर्ट ने कहा कि अगर शीर्षक से "लॉरेंस बिश्नोई" नाम हटा दिया जाए, तो उसे रिलीज में कोई आपत्ति नहीं होगी।
विवाद
इस कारण रिलीज को लेकर उपजा था विवाद
'लॉरेंस ऑफ पंजाब' का ट्रेलर जारी होने के बाद से सीरीज को लेकर भारी विवाद शुरू हो गया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने याचिका दायर करते हुए इसकी रिलीज को रोकने की मांग उठाई। आरोप लगाया गया कि सीरीज का शीर्षक गैंगस्टरों की संस्कृति का महिमामंडन करता है और पंजाब को संगठित अपराध से जोड़ने का काम करता है। बता दें, ZEE5 द्वारा निर्मित इस सीरीज का शीर्षक, ऑस्कर विजेता क्लासिक 'लॉरेंस ऑफ अरेबिया' पर आधारित है।