क्या शिवकार्तिकेयन की फिल्मों ने निर्माता को कर्ज में डुबो दिया? जानें पूरा मामला
निर्माता कोटापाडी जे राजेश ने अभिनेता शिवकार्तिकेयन की फिल्में 'हीरो', 'डॉक्टर' और 'अय्यालन' के निर्माण के बाद 120 करोड़ रुपये के कर्ज में फंसने की जानकारी दी है।
पहले ये फिल्में 24AM स्टूडियोज से जुड़ी थीं, लेकिन बाद में राजेश ने इन प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी संभाली।
राजेश ने बताया कि इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर सफल न होना और उनमें अत्यधिक देरी, खासकर 'अय्यालन' के मामले में उनकी आर्थिक स्थिति और खराब कर दी।
शिवकार्तिकेयन को भी हुआ इन फिल्मों से इतने का नुकसान
राजेश ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से हुए विलंब और कर्ज पर बढ़ते ब्याज ने उनके कर्ज को और बढ़ा दिया, भले ही उनकी फिल्म 'डॉक्टर' हिट रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन फिल्मों के कारण शिवकार्तिकेयन को भी करीब 55 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए राजेश ने कहा कि फिल्म बनाना जितना आसान दिखता है, असल में वह उससे कहीं ज्यादा मुश्किल है।
उन्होंने अपने शब्दों में कहा, 'मुझे लगता था कि मुझे सब पता है, लेकिन मुझे एहसास हुआ कि फिल्में बनाना उतना सरल नहीं है जितना दिखाई देता है।'
बावजूद इसके, राजेश अब आगे बढ़ने को तैयार हैं। वह जल्द ही फिल्म 'अंगिकारम' से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले हैं, जिसमें नंदिता श्वेता और राधिका सरथकुमार भी उनके साथ नजर आएंगी।