गोविंदा संग अफेयर की खबरों पर भड़कीं कोमल रानी- जलने वाले जलें, हम तो साथ दिखेंगे
क्या है खबर?
गोविंदा के साथ कथित रिश्ते की खबरों के बीच कोमल रानी स्वर्णकार ने एक बार फिर करारा जवाब दिया है। दिव्या खोसला कुमार और कश्मीरा शाह की हालिया टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि लोग उनके निजी जीवन पर बेबुनियाद बातें कर रहे हैं। अपनी बात बेबाकी से रखते हुए उन्होंने साफ किया कि आलोचकों की टिप्पणियों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और वे ऐसे लोगों की परवाह किए बिना अपनी जिंदगी जीती रहेंगी।
जवाब
देश के मुद्दों पर चुप रहने वाले मेरी जिंदगी पर ज्ञान न दें- कोमल
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा कर कोमल ने उन लोगों पर सीधा निशाना साधा, जिन्होंने उनके इस निजी मामले पर टिप्पणी की।
उन्होंने लिखा, 'हाल ही में मैंने देखा कि कुछ सितारे खुलेआम गोविंदा जी, मेरी निजी जिंदगी और हमारे चरित्र पर बयानबाजी कर रहे हैं। हालांकि, मैंने इन्हें कभी भी आतंकवाद, राजनीति, किसी अभिनेता के निधन या यहां तक कि किसी दूसरे स्टार की कई शादियों जैसे गंभीर मुद्दों पर इतनी मजबूती से राय रखते नहीं देखा।
नाराजगी
गोविंदा संग मंदिर जाने पर उठे सवालों पर भड़कीं कोमल
कोमल ने आगे लिखा, 'फिर आखिर क्यों हमारी निजी जिंदगी अचानक ऐसा तमाशा बन गई है कि हर कोई इस पर टिप्पणी करना अपना हक समझ रहा है?'
गोविंदा के साथ सार्वजनिक स्थानों पर नजर आने पर कोमल ने लिखा, 'अपने हीरो के साथ गणपति बप्पा के दर्शन करने जाना और अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' की सफलता के लिए प्रार्थना करना कब से शर्म की बात, राष्ट्रीय मुद्दा या दूसरों के लिए 'दिखावा' बन गया?'
दो टूक
"फिल्म का ऐलान किया है, अफेयर का नहीं"
कोमल ने लिखा, 'हमने अपनी फिल्म 'रूपा' का ऐलान किया है, ना कि किसी अफेयर का।'
साथ ही उन्होंने आलोचकों से सवाल किया कि वो ये तय करने वाले कौन होते हैं कि दोनों का साथ दिखना किसी व्यक्तिगत रिश्ते को दिखाने के लिए है, न कि अपनी फिल्म के प्रचार के लिए। हम साथ में काम कर रहे हैं और आगे भी साथ नजर आते रहेंगे। अगर इससे किसी को भी तकलीफ होती है तो जलने वाले जलते रहें।'
निशाना
जिनका करियर ठंडा पड़ चुका, वो मेरे नाम पर फुटेज न खाएं- कोमल
कोमल ने बिना नाम लिए इंडस्ट्री की कुछ अभिनेत्रियों पर भी तंज कसा।
उन्होंने लिखा, 'फिल्म इंडस्ट्री की कुछ अभिनेत्रियां, जिनका करियर अब ठंडा पड़ चुका है और जिनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल नहीं चल रही हैं, उनके पास अपने घिसे-पिटे ब्रांड टैग्स के अलावा कुछ नहीं बचा है। वे दूसरों के विवादों में जबरन टांग अड़ाकर और सुर में सुर मिलाकर खुद को सुर्खियों में बनाए रखने की नाकाम कोशिश कर रही हैं।'
ज्ञान
'जो खुद शादी न संभाल सकीं, वो मुझे सिंदूर का ज्ञान न दें'
कोमल ने साफ किया कि उन्हें इंडस्ट्री के लोगों की सोच से फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने लिखा, 'जो खुद अपनी शादी नहीं संभाल सकीं, वे मुझे सिंदूर या संस्कृति का ज्ञान न दें।'
कोमल ने आरोप लगाया कि ये अभिनेत्रियां अपनी नाकाम शादियों की भड़ास उन पर निकाल रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वे मुझे उकसाना और मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करें, वरना उनके अतीत के काले पन्ने भी दुनिया के सामने आ सकते हैं।
जानकारी
कश्मीरा शाह और दिव्या खोसला कुमार पर कोमल का पलटवार
कश्मीरा शाह द्वारा विवाद के बीच सुनीता आहूजा का समर्थन करने और दिव्या खोसला कुमार द्वारा लालबागचा राजा दर्शन पर सवाल उठाने के बाद कोमल रानी का यह बयान आया है। कोमल ने अपनी इस तीखी प्रतिक्रिया से दोनों अभिनेत्रियों को करारा जवाब दिया है।