ऐपल ला रही खास AI कैमरा, वीडियो रिकॉर्ड किए बिना बताएगा घर में क्या हुआ
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल जल्द ही एक खास तरह का होम सिक्योरिटी कैमरा लॉन्च कर सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह कैमरा आम सुरक्षा कैमरों से अलग तरीके से काम करेगा। इसमें लगातार वीडियो रिकॉर्ड करने या स्ट्रीम करने के बजाय AI की मदद से आसपास हो रही गतिविधियों को समझा जा सकता है। इसके बाद यूजर्स को घटनाओं की जानकारी वीडियो की जगह टेक्स्ट के रूप में मिल सकती है।
खासियत
वीडियो की जगह बताएगा क्या हुआ
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, ऐपल इस कैमरे को J450 कोडनेम के तहत तैयार कर रही है।
इसमें कम फ्रेम रेट वाला इमेज सेंसर इस्तेमाल किया जा सकता है, जो घर के अंदर और आसपास होने वाली गतिविधियों का विश्लेषण करेगा। खास बात यह होगी कि कैमरा लगातार वीडियो क्लाउड पर भेजने के बजाय डिवाइस पर ही तस्वीरों से जुड़ी जानकारी को समझ सकता है।
इससे कैमरे का काम करने का तरीका मौजूदा सुरक्षा कैमरों से अलग होगा।
प्राइवेसी
प्राइवेसी पर दिया जा सकता है ध्यान
रिपोर्ट के मुताबिक, कैमरा फेशियल रिकग्निशन जैसी तकनीक का इस्तेमाल करके यह समझ सकता है कि कमरे में कौन आया या वहां क्या गतिविधि हुई।
हालांकि, यूज़र को बाद में देखने के लिए कोई वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं मिलेगी। इसके बजाय उसे सिर्फ टेक्स्ट में घटना की जानकारी दी जा सकती है। उदाहरण के लिए, कैमरा यह बता सकता है कि कोई व्यक्ति लिविंग रूम में आया है।
इस तरीके से गतिविधियों को रिकॉर्ड किए बिना जानकारी देने की कोशिश होगी।
स्मार्ट होम हब
स्मार्ट होम हब के साथ आ सकता है
यह कैमरा ऐपल के बड़े स्मार्ट होम प्लान का हिस्सा हो सकता है।
कंपनी करीब 6 इंच के एक स्मार्ट होम हब पर भी काम कर रही है, जिसे मेज पर रखा या दीवार पर लगाया जा सकता है। यह हब AI वाली सिरी से काम करने, स्मार्ट होम डिवाइस कंट्रोल करने, म्यूजिक चलाने और वीडियो कॉल जैसी सुविधाएं दे सकता है।
हालांकि, ऐपल ने अभी कैमरे और इस पूरे प्लान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।