सुनीता आहूजा पर लगे आरोपों पर भड़कीं कश्मीरा शाह- हमें 'हत्यारा' भी कह दो तो मंजूर
क्या है खबर?
कश्मीरा शाह ने अपनी मामी सुनीता आहूजा का सार्वजनिक रूप से बचाव किया है। ये बयान अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार द्वारा सोशल मीडिया पर सुनीता के खिलाफ लगाए गए विवादस्पद आरोपों के बाद आया है। उन्होंने साफतौर पर कहा है कि वो हर परिस्थिति में अपनी मामी सुनीता के साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी। बता दें कि गोविंदा और उनकी फिल्म 'रूपा' की सह-कलाकार कोमल को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलों का बाजार गर्म है।
दो टूक
अपनों की रक्षा करने पर कातिल कहते हैं, तो ऐसा ही सही- कश्मीरा
कश्मीरा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अपने परिवार का ख्याल रखने पर हमें अक्सर बदतमीज, जिद्दी या स्वार्थी कह दिया जाता है, लेकिन 'हत्यारा' पहली बार कहा गया है, इसलिए अगर अपने किसी 'एक इंसान' की रक्षा करने के लिए चाहे वह पिता हों, पति हों या भाई हर मां, पत्नी, बहन और चाची को हत्यारा भी कह दिया जाए तो कहने दीजिए। मुझे गर्व है कि आप एक ऐसी महिला हैं सुनीता आहूजा और मैं हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी।'
सवाल
सह-कलाकार को परिवार के राज कैसे पता?
कश्मीरा ने सवाल उठाया कि कोई सह-कलाकार किसी अभिनेता के पारिवारिक मामलों की अंदरूनी जानकारी कैसे रख सकता है?
अपने 30 साल के करियर का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा, 'मेरी निजी जिंदगी के बारे में किसी सह-कलाकार को कभी कुछ पता नहीं रहा। मैंने अपनी बातें सिर्फ अपने पति कृष्णा अभिषेक के साथ साझा की हैं। मैंने आज तक ऐसा माहौल नहीं देखा, जहां काम करने वाले साथी को किसी के परिवार के इतने गहरे राज मालूम हों।'
प्रतिक्रिया
कोमल के इस पोस्ट के बाद आया कश्मीरा का जवाब
कश्मीरा का जवाब काेमल के उस पोस्ट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सुनीता का नाम लिए बिना उन पर अपने ही पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और मौत की कगार तक धकेलने का आरोप लगाया था।
काेमल रानी ने लिखा था, 'जो महिला सालों से अपने ही पति को मारने की कोशिश कर रही हो, उसकी बद्दुआओं का किसी पर कोई असर नहीं पड़ता। जो घर पहले से टूटा हुआ हो, उसे कोई कभी तोड़ नहीं सकता।'