क्या है जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल, जिसमें लगा सितारों का मेला?
क्या है खबर?
मुंबई में चल रहा जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल चर्चा में है। 27 अक्टूबर को नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में भव्य कार्यक्रम में फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हुई।
उद्घाटन समारोह में प्रियंका चोपड़ा, सोनम कपूर, करीना कपूर, राजकुमार राव समेत फिल्म जगत के कई दिग्गज शामिल हुए, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
आपको बताते हैं क्या है जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल, जिसमें सितारों का जमघट लगा है।
फिल्म समारोह
5 नवंबर तक चलेगा समारोह
यह फिल्म समारोह 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक मुंबई में चलेगा। समारोह में 70 से ज्यादा दक्षिण एशियाई फिल्में, 45 एशियाई फिल्में और 40 अंतरराष्ट्रीय फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें कई फिल्म संकलन और शॉर्ट फिल्में भी शामिल हैं।
समारोह का आयोजन मुंबई अकैडमी ऑफ मूविंग इमेज (MAMI) करती है। इसकी शुरुआत 1997 में हुई थी।
बीते सालों में इसे विस्तार दिया गया और यह दक्षिण एशियाई सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित समारोह में से एक बन गया है।
प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा हैं समारोह की अध्यक्ष
फिल्म समारोह में प्रियंका की उपस्थिति चर्चा में है। वह इस समारोह के लिए खासतौर से भारत आई हैं।
दरअसल प्रियंका इस समारोह की अध्यक्ष हैं। मशहूर फिल्म पत्रकार अनुपमा चोपड़ा इस फिल्म समारोह की निदेशक हैं।
फिल्म समारोह के बोर्ड के अन्य सदस्यों में ईशा अंबानी, नीता अंबानी, फरहान अख्तर, रितेश देशमुख, जोया अख्तर, विशाल भारद्वाज समेत सिनेमा जगत की अन्य हस्तियां शामिल हैं।
PVR के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय बिजली भी बोर्ड का हिस्सा हैं।
फिल्में
इन फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
समारोह की शुरुआत हंसल मेहता की फिल्म 'द बकिंघम मर्डर्स' से हुई थी, जिसमें करीना मुख्य भूमिका में हैं। यहां सनी लियोनी की 'कैनेडी', कोंकणा सेन शर्मा की 'द रेपिस्ट' और वरुण ग्रोवर की 'ऑल इंडिया रैंक' भी प्रदर्शित की जाएगी।
वैश्विक फिल्मों में 'सिटी ऑफ विंड', 'सोलो', 'द केंटेस्टेंट' जैसी फिल्में भी शामिल हैं।
'लोनली हार्ट' श्रेणी में शहाणा गोस्वामी और कुणाल रॉय कपूर की 'माई' प्रदर्शित की जाएगी।
मास्टर क्लास
इन दिग्गजों की लगेगी मास्टरक्लास
इस साल फिल्म निर्देशक-निर्माता मणिरत्नम को 'एक्सेलेंस इन सिनेमा' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनके साथ इतालवी फिल्म निर्माता लुका गुडानीनो को भी यह पुरस्कार दिया जाएगा।
दोनों निर्माता मास्टरक्लास में दर्शकों से भी बातचीत करेंगे। मास्टर क्लास में मणिरत्नम इम्तियाज अली, तो लुका अनुपमा चोपड़ा से बातचीत करेंगे।
समारोह में फिल्म निर्माता मीरा नायर की मास्टर क्लास का भी आयोजन होगा।
फिल्म निर्देशक मिलिंद धायमाडे भी यहां दर्शकों से रूबरू होंगे।