कियारा आडवाणी ने मां बनने के बाद आलिया-कैटरीना से क्यों किया था संपर्क? बताई दिलचस्प वजह
क्या है खबर?
'कॉफी विद करण 9' में कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा खास मेहमान बनकर पहुंचे। इस दौरान कियारा ने मातृत्व के बाद होने वाले भावनात्मक और शारीरिक बदलावों पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद के दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उन्होंने अनुभव और सलाह लेने के लिए आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ और पत्रलेखा से भी संपर्क किया था।
मुश्किल
कियारा के गर्भावस्था के शुरुआती 3 महीने थे मुश्किल
कियारा ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "कभी-कभी आपको बस अपनी भावनाओं को बाहर निकालने के लिए एक जरिया चाहिए होता है। मां बनना एक बहुत बड़ा बदलाव है, जिसे केवल दूसरी महिलाएं ही सच में समझ सकती हैं। जब मुझे पता चला कि मैं पहली बार गर्भवती हूं, तो शुरुआती 3 महीने बहुत मुश्किल थे। उस दौरान जी मिचलाना और हार्मोनल बदलाव जैसी कई चीजें होती हैं।"
फैसला
कियारा ने किया था यह फैसला
कियारा ने आगे कहा, "शुरुआत में हमने सोचा कि हम किसी को नहीं बताएंगे, लेकिन मैंने कहा कि मुझे अपनी मां और सास से बात करनी है। मुझे ऐसी महिलाओं की जरूरत है, जो मुझे समझ सकें।"
फिर करण जौहर ने बताया कि कियारा, आलिया, कैटरीना और पत्रलेखा से उनके बच्चे के जन्म के बाद के दौर में बात करती थीं।
कियारा ने आगे कहा, "हम एक-दूसरे का हाल-चाल पूछते थे। हम सभी का एक ही करियर है।"
बात
कियार ने आलिया से पूछी थी यह चीजें
कियारा ने बताया, "मुझे याद है कि मैंने आलिया को फोन करके पूछा था कि शूटिंग पर वापस कैसे लौटें और इस सबको कैसे संभामलें। आपकी प्राथमिकता आपका परिवार भी होता है और काम पर आप एक पेशेवर होती हैं। ऐसे में आप इन दोनों दुनियाओं के बीच संतुलन कैसे बनाएं, ताकि आपको कभी अपराधबोध महसूस न हो? मां बनने के बाद बच्चों को समय न दे पाने का अपराधबोध तो होता ही है।"
जानकारी
ये अभिनेत्रियां हाल ही में बनीं मां
बता दें कियारा की बेटी का 2025 में जन्म हुआ था। आलिया ने 2022 में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया, वहीं कैटरीना 2025 में मां बनीं। वहीं पत्रलेखा और राजकुमार राव के घर भी नवंबर 2025 में बेटी का जन्म हुआ।