भारत बनाम वेस्टइंडीज: जस्टिन ग्रीव्स ने वनडे करियर में अपना पहला शतक लगाया, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में शतक (101) लगाया। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही पिच पर ग्रीव्स ने बेहतरीन पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का पहला ही शतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने जॉन कैम्पबेल (62) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ग्रीव्स ने खेली उम्दा पारी
ग्रीव्स ने पारी का दूसरा ओवर करने आए नितीश रेड्डी की जमकर खबर ली और 4 चौके लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए।
उन्होंने निरंतर रन बटोरते हुए 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्हें दूसरे छोर से अर्धशतक लगाने वाले कैम्पबेल के अच्छा साथ मिला। इस सलामी जोड़ी ने 135 रन जोड़े।
उन्होंने एक छोर से रन बटोरते हुए 104 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 108 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए।
जानकारी
पहला वनडे शतक वाले तीसरे उम्रदराज
ग्रीव्स ने 32 साल और 213 दिन की उम्र में पहला वनडे शतक लगाया। वह वनडे में पहला शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उनसे आगे सिर्फ क्लेटन लैम्बर्ट (36 साल, 57 दिन) और शमरह ब्रूक्स (33 साल, 246 दिन) हैं।
साझेदारी
ग्रीव्स और कैम्पबेल की जोड़ी ने साझेदारी में किया कमाल
ग्रीव्स और कैम्पबेल की जोड़ी अब वनडे में भारतीय टीम के खिलाफ उनके घर पर तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी करने वाली वेस्टइंडीज की सलामी जोड़ी बन गई।
क्रिकबज के मुताबिक, इससे पहले गॉर्डन ग्रीनिज और फिल सिमंस ने 1988 में 164 रन (तिरुवनंतपुरम) की साझेदारी की थी।
वहीं 1983 में ग्रीनिज और डेसमंड हेंस की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 149 रन (इंदौर) जोड़े थे।
पावरप्ले
ग्रीव्स और कैम्पबेल की बदौलत अच्छी रही वेस्टइंडीज की शुरुआत
ग्रीव्स और कैम्पबेल की बदौलत वेस्टइंडीज ने 10 ओवर की समाप्ति पर 85/0 रन बनाए।
यह भारत के खिलाफ वनडे में शुरुआती 10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
इस सूची में 2019 में पोर्ट ऑफ स्पेन में बनाया गया 114/0 का स्कोर सबसे ऊपर है।
साल 2002 में वडोदरा में वेस्टइंडीज ने 86/0 रन बनाए थे।
इसके बाद 1998 में ढाका में 82/1 और 2002 में अहमदाबाद में 81/1 का स्कोर रहा था।
आंकड़े
ऐसा है ग्रीव्स का वनडे करियर
ग्रीव्स ने 2022 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 26 वनडे की 24 पारियों में 600 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक से अलावा एक ही अर्धशतक लगाया है।
इससे पहले उन्होंने सिर्फ आयरलैंड के खिलाफ 50+ रन की पारी खेली है।
अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में वह 2,000 से अधिक रन अपने नाम कर चुके हैं।