दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान बवाल, मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मारा
क्या है खबर?
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक निर्माणाधीन सड़क के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा और स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान प्रवेश ने मौके पर मौजूद एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री प्रवेश को गिरफ्तार करने की मांग की है। पार्टी थाने में FIR दर्ज कराने भी पहुंची है।
विवाद
सड़क की गुणवत्ता को लेकर विधायक-मंत्री में हुई बहस
दरअसल, PWD मंत्री प्रवेश तिलक नगर इलाके में पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह भी वहां पहुंच गए। विधायक ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने हाथ से ही नई-नवेली सड़क को उखाड़कर मंत्री को दिखाया।
इसी दौरान एक युवक घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि मंत्री प्रवेश ने पहले युवक का मोबाइल हटाया फिर उसे थप्पड़ जड़ दिया।
ट्विटर पोस्ट
AAP विधायक ने घटना का वीडियो शेयर किया
यह भारत की राजधानी दिल्ली की भाजपा सरकार के pwd मिनिस्टर हैं
— Jarnail Singh (@JarnailSinghAAP) September 27, 2026
सड़क का निरीक्षण करने आए थे पर घोटाले ही घोटाले उजागर होते देखकर आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड करने वाले मेरे साथी को के साथ गुंडागर्दी कर बैठे..@ArvindKejriwal @narendramodi @AamAadmiParty @gupta_rekha @p_sahibsingh… pic.twitter.com/VR5iVQLtQH
बयान
पीड़ित बोला- कार्रवाई होनी चाहिए
पीड़ित साहिब सिंह ने IANS से कहा, "मैंने सड़क खोदकर उन्हें दिखाई। मैं विधायक के सोशल मीडिया पर लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहा था। प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया, मुझ पर हाथ उठाया और थप्पड़ मारा। उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी मुझे धक्का दिया। मैंने ऐसा कुछ नहीं किया था जिससे वे मुझे मारें। मैंने शिकायत दर्ज कराई है। बाकी सब इस बात पर निर्भर करता है कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है, क्योंकि वे एक मौजूदा मंत्री हैं।"