करण जौहर ने दिया दीपिका पादुकोण का साथ, कहा- शिफ्ट तय करना उनका अधिकार
क्या है खबर?
करण जौहर ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे काम करने की मांग का समर्थन किया है। अपने शो 'कॉफी विद करण सीजन 9' में फिल्ममेकर ने अभिनेत्री की इस मांग को उनका अधिकार बताया और सवाल उठाया कि यह मुद्दा चर्चा का विषय क्यों बन गया है। उन्होंने अक्षय कुमार फिल्म सेट पर अनुशासन की तारीफ की और उनके काम करने के तरीके को दीपिका को लेकर उपजी बहस से जोड़ते हुए अपना नजरिया स्पष्ट किया।
नजरिया
काम के घंटे तय करने की आजादी होना जरूरी- करण
करण ने स्वीकारा कि सिनेमा में महिला कलाकार को अपने काम के घंटे तय करने की उतनी ही आजादी होनी चाहिए जितनी आजादी अभिनेता को दी जाती है।
उन्होंने कहा, "एक निर्माता के तौर पर, मैं इसकी रिस्पेक्ट करता हूं। और इसीलिए मैं दीपिका के फैसले की भी रिस्पेक्ट करता हूं। जब वह ऐसा कुछ कहती हैं, तो मुझे नहीं पता कि इसे इतनी बड़ी बात क्यों बना दी जाती है। यह उनका हक है। उन्होंने यह हक कमाया है।"
समर्थन
दीपिका मेहनती इंसान, मां और पत्नी हैं- करण
फिल्ममेकर ने कहा, "दीपिका एक मेहनती औरत हैं। वह एक मां हैं, वह एक पत्नी हैं, वह एक पेशेवर हैं, और उनकी एक निजी जिंदगी है। जब आप इसके लिए कहते हैं तो वह इसके लिए क्यों नहीं कह सकतीं? कभी-कभी यह जेंडर डिस्पैरिटी होती है, और यह सही नहीं है। मुझे लगता है कि अगर एक मेल सुपरस्टार इसके लिए कह सकता है, तो एक फीमेल सुपरस्टार भी कह सकती है। कोई भी एक्टर इसके लिए कह सकता है।"
सहमति
करण के नजरिए पर अक्षय ने जताई सहमति
शो में मेहमान बनकर आए अक्षय कुमार ने करण के इस नजरिए पर अपनी सहमति जताई।
अभिनेता ने माना कि अनुशासित और समयबद्ध शूटिंग से सेट पर मौजूद सभी लोगों को फायदा होता है, और क्रिएटिव आउटपुट से कोई कॉम्प्रोमाइज नहीं होता।
बता दें, यह विवाद तब शुरू हुआ था जब दीपिका ने मां बनने के बाद काम के घंटे तय करने की बात उठाई थी। इस मांग के चलते उन्होंने 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 AD' भी छोड़ दी थी।