'स्पिरिट' से बाहर होने पर दीपिका पादुकोण का करारा जवाब, वायरल पोस्ट लाइक कर साधा निशाना
क्या है खबर?
दीपिका पादुकोण का फिल्म 'स्पिरिट' से बाहर होना बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है। पहले 8 घंटे की शिफ्ट की खबरों के बाद अब संदीप रेड्डी वांगा के भाई और निर्माता प्रणय रेड्डी वांगा ने दावा किया है कि दीपिका ने फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी मांगी थी, जिसके कारण उन्हें बाहर किया गया। अब दीपिका ने एक वायरल पोस्ट लाइक कर वांगा बंधुओं पर तंज कसा है, जिससे ये विवाद और गर्मा गया है।
चर्चा
दीपिका पर लगे गंभीर आरोपों के बाद इंटरनेट पर छिड़ी बहस
'स्पिरिट' के निर्माता प्रणय रेड्डी वांगा के दावों ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने दीपिका पर मुनाफे में हिस्सा मांगने और फिल्म की कहानी लीक करने का आरोप लगाया है। इस खुलासे के बाद लोग बंट गए हैं।
जहां कुछ लोगों ने इसे मुश्किल मांग बताया, वहीं कई लोगों ने सवाल उठाया कि एक महिला सुपरस्टार को बातचीत की आजादी क्यों नहीं दी जाती, जबकि पुरुष स्टार्स सालों से ऐसा करते आ रहे हैं।
वायरल पोस्ट
पत्रकार का पोस्ट वायरल
इस गरमागरम बहस के बीच एक पत्रकार के वायरल पोस्ट ने वांगा ब्रदर्स की जमकर आलोचना की और इस पूरे विवाद को सिर्फ एक 'मेल-इगो क्राइसिस' यानी पुरुष अहंकार का संकट करार दिया।
पोस्ट में ये भी सवाल उठाया गया कि जो मांगें पुरुष स्टार्स आसानी से पूरी करवा लेते हैं, उन्हें लेकर दीपिका को ही गलत क्यों ठहराया जा रहा है?
साथ ही 'स्पिरिट' के निर्माताओं को इस मानसिकता से बाहर आने की नसीहत भी दी गई।
प्रतिक्रिया
दीपिका ने इशाराें-इशारों में दिया करारा जवाब
वायरल पोस्ट के अंश में लिखा था, 'प्रतिक्रिया को देखकर ऐसा लगेगा मानों उन्होंने पूरी फिल्म और वांगा की प्रॉपर्टी ही मांग ली हो। साफ है कि यह पूरी तरह पुरुष अहंकार का संकट है। एक महिला ने डील ठुकरा दी और पितृसत्तात्मक सोच बर्दाश्त नहीं कर पाई कि कोई उसे 'ना' कह दे।'
हालांकि, दीपिका ने इन दावों पर सीधा कोई बयान नहीं दिया, लेकिन इस पोस्ट को लाइक करके उन्होंने अपनी बात इशारों-इशारों में साफ कर दी है।
आरोप
संदीप रेड्डी वांगा के भाई ने दीपिका पर लगाए ये आरोप
प्रणय रेड्डी वांगा ने आरोप लगाया कि संदीप रेड्डी वांगा की प्रभास अभिनीत फिल्म 'स्पिरिट' से दीपिका को इसलिए हटाया गया, क्योंकि उन्होंने 10 प्रतिशत मुनाफे की मांग की थी। वित्तीय शर्तें मेल न खाने पर टीम ने अन्य विकल्प तलाशे। बात नहीं बनी तो दीपिका ने फिल्म की स्क्रिप्ट से जानकारियां लीक कर दीं।
प्रणय ने बताया कि दीपिका के साथ 1 साल से अधिक चर्चा हुई थी, लेकिन अंदरूनी बातें बाहर आने से उन्हें काफी निराशा हुई।