पंजाबी गायक करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट में भारी हंगामा, चले लात-घूंसे; मारपीट का वीडियो वायरल
क्या है खबर?
मशहूर पंजाबी गायक करण औजला के दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संगीत का जश्न अचानक जंग के मैदान में तब्दील हो गया। कॉन्सर्ट के दौरान VVIP लाउंज में मौजूद दर्शकों के बीच किसी बात को लेकर जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हिंसक वीडियो
वायरल हो रहे इस वीडियो में से एक में रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक शख्स जमीन पर गिरा हुआ है, जबकि दूसरा व्यक्ति उस पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसा रहा है। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति भी वहां आता है और जमीन पर पड़े उस शख्स को बुरी तरह लात मारते हुए दिखाई देता है। मारपीट के ये विचलित करने वाले दृश्य अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आयोजन
VVIP लाउंज में हिंसा, बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बावजूद कॉन्सर्ट में भारी भीड़ उमड़ी और दर्शकों ने गायक के प्रदर्शन का भरपूर लुत्फ उठाया। हालांकि, VVIP लाउंज में हुई इस हिंसक झड़प ने बड़े स्तर के आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि महंगे टिकट और VIP पहुंच के बावजूद ऐसे कार्यक्रमों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए जाते।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए हाथापाई का वीडियो
करण औजला के कॉन्सर्ट में हंगामा pic.twitter.com/r50ygm4SSN
— Nehasharmanewsbytes (@nehuvk) March 1, 2026
नाराजगी
सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा
आयोजन स्थल में मौजूद दर्शकों के मुताबिक, स्टेडियम के बाहर भारी कुप्रबंधन और अराजकता का माहौल बना रहा। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा, '@district_india द्वारा करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट के लिए बेहद घटिया इवेंट मैनेजमेंट।' एक ने लिखा, 'करण औजला दिल्ली कॉन्सर्ट के हैरान करने वाले दृश्य। भीड़ ने टिकट काउंटर तोड़ दिए और सारे पास लूट लिए। मौके पर मौजूद आयोजकों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।'
ट्विटर पोस्ट
भड़क गए फैंस
फैन ने निकाला गुस्सा pic.twitter.com/9hxAMjwtRT
— Nehasharmanewsbytes (@nehuvk) March 1, 2026
दिशा-निर्देश
दिल्ली पुलिस ने जारी की थी ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने इस आयोजन और करण औजला की लोकप्रियता को देखते हुए पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी थी और स्टेडियम के आसपास रास्ते बदले थे। दूसरी तरफ इवेंट मैनेजमेंट की कमियों और बेकाबू भीड़ ने उन तमाम इंतजामों की धज्जियां उड़ा दीं। दर्शकों का आरोप है कि ट्रैफिक एडवाइजरी तो थी, लेकिन एंट्री गेट्स और टिकट काउंटरों पर मैनेजमेंट पूरी तरह फेल रहा, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने काउंटर तोड़कर पास तक लूट लिए।