AI ने फैलाई कन्नड़ अभिनेता डोडन्ना की मौत की अफवाह, साइबर क्राइम में हुई शिकायत
वरिष्ठ कन्नड़ अभिनेता डोडन्ना अपनी मौत की झूठी खबरें सोशल मीडिया पर देखकर हैरान रह गए। 'पब्लिक फ्रेंड' नाम के एक अकाउंट से साझा की गई फर्जी पोस्ट तेजी से वायरल हो गई।
इस खबर से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि उनके प्रशंसक और पूरी कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री भी चिंता में पड़ गई।
इसे गंभीरता से लेते हुए, डोडन्ना ने बेंगलुरु में साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करवाई है, ताकि इस झूठी अफवाह को फैलाने वालों का पता चल सके।
डोडन्ना का कहना है AI ने किया था पोस्ट में बदलाव
इन अफवाहों पर विराम लगाने के लिए, डोडन्ना मीडिया के सामने आए और उन्होंने बताया कि वे जिंदा और पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर बिना जांच-परख के किसी भी खबर पर भरोसा न करें।
डोडन्ना ने साफ बताया कि इस फर्जी पोस्ट को बदलाव करने और फैलाने में AI टूल्स का इस्तेमाल किया गया था, जिससे उन्हें और उनके परिवार को बहुत दुख पहुंचा है।
बेंगलुरु साइबर पुलिस अब आईटी (IT) एक्ट के तहत इस मामले की जांच कर रही है और उस'पब्लिक फ्रेंड' नाम के अकाउंट को चलाने वाले की तलाश में जुटी है।