कंगना रनौत का बड़ा धमाका, 'भारत भाग्य विधाता' में दिखेगा उन वीरों का जज्बा, जिन्हें दुनिया भूल गई
कंगना रनौत अपनी नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के साथ 12 जून 2026 को बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। ये थ्रिलर फिल्म 26 नवंबर 2008 के मुंबई हमलों की एक सच्ची और प्रेरणादायक घटना पर आधारित है। फिल्म की कहानी उन 'गुमनाम नायकों' को समर्पित है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की रक्षा की।
फिल्म मुख्य रूप से कैमा अस्पताल के उन नर्सों, वार्ड बॉयज और सफाई कर्मचारियों की बहादुरी को दिखाती है, जिन्होंने आतंकी हमले के दौरान सूझबूझ से 400 मासूमों की जान बचाई थी। मनोज तपड़िया द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म उन आम लोगों के अदम्य साहस की गाथा है, जिन्होंने मुश्किल घड़ी में सबसे आगे बढ़कर मोर्चा संभाला था।
संकट में साहस की सच्ची श्रद्धांजलि
फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव और जाहिद खान जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स के सहयोग से बनी ये फिल्म मानवीय जज्बे और करुणा की एक मिसाल है। निर्माता जयंतीलाल गडा ने फिल्म में सशक्त महिलाओं के चित्रण को सराहा है, वहीं निर्देशक मनोज तपड़िया के अनुसार, यह फिल्म देश के उन वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने संकट की घड़ी में निस्वार्थ भाव से अपना बलिदान दिया।