'हनुमान अंश' की मुरीद हुईं कंगना रनौत, बोलीं- थेरेपी छोड़ो और फटाफट जाकर ये फिल्म देखो
क्या है खबर?
पिछले महीने सिनेमाघरों में बिना किसी बड़े प्रचार या स्टार कास्ट के चुपचाप रिलीज हुई महज 2 करोड़ के बजट की फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। हालांकि, फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी, लेकिन बेहतरीन 'वर्ड ऑफ माउथ' और दर्शकों की तारीफ के दम पर यह अब एक बड़ी हिट बनकर उभरी है। हाल ही में अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस फिल्म की जमकर सराहना की है।
तारीफ
ये तो साक्षात सत्संग है- कंगना
कंगना ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर 'नीम करोली बाबा' की तस्वीर साझा करते हुए 'हनुमान अंश' की दिल खोलकर तारीफ की है।
उन्होंने लिखा, 'ये कोई महज फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है, जिसमें नीम करोली बाबा के साक्षात चमत्कारों को सुंदर कहानियों में पिरोया गया है। अपनी थेरेपी छोड़िए और तुरंत सिनेमाघर जाकर इसे देखिए।'
बता दें कि कंगना से पहले निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी 'हनुमान अंश' देखकर इसकी सराहना की थी।
सराहना
मधुर भंडारकर बोले- 'हनुमान अंश' ने बड़े बजट की फिल्मों को दिखाया आईना
मधुर भंडारकर ने 'हनुमान अंश' की तारीफ करते हुए एक्स पर लिखा था, "थिएटर में सिनेमा का असली जादू महसूस हुआ और दर्शक स्क्रीन से चिपके रहे। विशाल का निर्देशन ईमानदार है और शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा का किरदार शानदार निभाया है। बिना किसी स्टार और कम बजट में बनी ये फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक मिसाल है। इसने साबित कर दिया कि दमदार कहानी के आगे महंगे बजट की फिल्में भी फीकी पड़ जाती हैं।'
कहानी
'हनुमान अंश' की भावुक कहानी
विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'हनुमान अंश' लोकप्रिय संत नीम करोली बाबा (महाराज-जी) के जीवन पर आधारित है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे दुखी लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी दिवंगत मां से मिलने की चाह में भगवान की तलाश करता है।
ईश्वर को पाने के इस सफर में वो प्यार, भोजन और मौन आशीर्वाद के चमत्कारों से मानवता की सेवा करना सीखता है और आगे चलकर नीम करोली बाबा यानी 'हनुमान अंश' बनता है।
कमाई
'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा नया इतिहास
शोभिनव सत्या, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे अभिनीत 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर रही है।
महज 10 लाख रुपये से अपना खाता खोलने वाली इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते में चमत्कारी वापसी की।
फिल्म ने 17वें दिन 2.20 करोड़ और 24वें दिन अपना सर्वाधिक 12.75 करोड़ का कारोबार किया। 26वें दिन 8.50 करोड़ रुपये कमाकर इसने सुपरस्टार यश की 'टॉक्सिक' को पछाड़ा। भारत में इसका कुल कारोबार 54.13 करोड़ रुपये हो चुका है।