कंगना रनौत की आपबीती, बोलीं- न पैसा था, ना पढ़ाई और ना ही नौकरी की उम्मीद
क्या है खबर?
बॉलीवुड की सबसे चर्चित और बेबाक अभिनेत्रियों में से एक और अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत ने फिल्म इंडस्ट्री से अपनी दूरी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। इन दिनों वो अपनी आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर चर्चा में है। इन दिनों कंगना इसी के प्रचार-प्रसार में जुटी हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी इस फिल्म पर बात की और ये भी बताया कि फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने उनसे मुंह मोड़ लिया है।
खुलासा
कंगना को फिल्म इंडस्ट्री वाले नहीं करते मैसेज
हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में जब कंगना से पूछा गया कि क्या उन्हें 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर फिल्म इंडस्ट्री से कोई प्रतिक्रिया मिली है तो उन्होंने दो-टूक जवाब दिया, "फिल्म इंडस्ट्री के लोग मुझे मैसेज नहीं करते हैं।" ये बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ ही दिन पहले कंगना ने रणवीर सिंह से जुड़े विवाद पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था, "आप मुझसे पूछ रहे हैं, मुझे तो हर किसी ने बैन कर रखा है।"
मुश्किल वक्त
"वो मेरी जिंदगी का सबसे कठिन समय था"
अपनी जिंदगी के सबसे अहम मोड़ को याद करते हुए 39 वर्षीय कंगना ने अपने करियर के उस सबसे मुश्किल और बदलाव के क्षण को साझा किया। उन्होंने बताया, "जब मैंने यह फैसला किया कि मुझे उस रास्ते पर नहीं चलना है, जो मेरे माता-पिता ने मेरे लिए चुना था, तो वो मेरी जिंदगी का सबसे कठिन समय था, लेकिन वही मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला भी साबित हुआ।"
कदम
खर्च उठाने तक के पैसे नहीं थे, फिर भी घर छोड़ दिया- कंगना
उस दौर में क्ंगना के सामने जो अनिश्चितता और मुश्किलें थीं, उन्हें याद करते हुए वो कहती हैं, "मेरे पास कुछ भी नहीं था। मुझे किसी की मदद नहीं मिल रही थी। मैं खुद बहुत छोटी थी। मेरे पास इतनी पढ़ाई-लिखाई भी नहीं थी कि मुझे कोई अच्छी नौकरी मिल जाती या मैं खुद का खर्चा उठा पाती। यहां तक कि मेरा कोई जान-पहचान वाला भी नहीं था, इसलिए, मैं बस सब कुछ छोड़कर घर से निकल पड़ी।"
संघर्ष
कंगना ने कहा- मैंने शरीर और दिमाग से हमेशा संघर्ष किया
कंगना कहती हैं, "मैं हमेशा कुछ न कुछ नया रचने, एक नजरिए का निर्माण करने और ज्यादा से ज्यादा भूमिकाएं निभाने में व्यस्त रही हूं। चाहे एक मेकर (फिल्म निर्माता) के रूप में हो, लेखक के रूप में या फिर एक राजनेता के रूप में। मैंने हमेशा अपनी क्षमताओं और क्षमता से परे जाकर चीजों का बोझ उठाया है और उस मानसिक व शारीरिक क्षमता को बनाए रखने के लिए संघर्ष किया है। "
कमाई
बॉक्स ऑफिस कमाई पर क्या बोलीं कंगना?
कंगना का मानना है कि भले ही किसी कलाकार की काबिलियत को सिर्फ कमाई से नहीं तौला जा सकता, लेकिन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर सफल होना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि फिल्में तभी तक बनेंगी जब तक वे सिनेमाघरों में चलेंगी। फिल्म इंडस्ट्री के टिके रहने और उसके वजूद के लिए फिल्मों का हिट होना जरूरी है। उनके मुताबिक, अगर फिल्में फ्लॉप ही होती रहेंगी तो आगे फिल्में बनना ही बंद हो जाएंगी।
जानकारी
'मैं वापस आऊंगा' से टकराएगी कंगना की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता'
कंगना आखिरी फिल्म 'इमरजेंसी' में दिखी थी, जिसमें उनकी अदाकारी की बड़ी तारीफ हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनकी ये फिल्म फ्लॉप हो गई। कंगना की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के साथ रिलीज होगी।