
संंजय कपूर के निधन से हैरान-परेशान कंगना रनौत, इस बात पर नहीं हो रहा यकीन
क्या है खबर?
करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर बिजनेसमैन संजय कपूर नहीं रहे। अचानक उनके निधन ने हर किसी को हैरान कर दिया है। संजय कपूर के करीबियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उधर सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। संजय का पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस पर जिन फिल्मी सितारों ने प्रतिक्रिया दी, उनमें अब कंगना रनौत का नाम भी शामिल हो गया है।
कारण
निधन का कारण सुन हैरान हैं कंगना
संजय का जिस तरह से निधन हुआ, उस वजह पर कंगना को यकीन नहीं हो रहा है।
दरअसल, उनके निधन की खबर पर बिजनेस कंसल्टेंट सुहेल सेठ ने बताया कि संजय की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई, जो इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान मधुमक्खी निगलने की वजह से हुआ। बस यही बात कंगना को परेशान कर रही हैं।
संजय के निधन पर कंगना ने एक पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टाेरी पर साझा किया है और हैरानी जताई है।
पोस्ट
कंगना ने संजय की मौत को बताया अविश्वसनीय घटना
कंगना रनौत ने अपने पोस्ट पर लिखा, 'यह एक और विश्वास ना करने वाली घटना है। संजय कपूर (करिश्मा कपूर के पूर्व पति) पोलो ग्राउंड पर थे, एक मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई (हां, पोलो ग्राउंड पर मधुमक्खी) ने उन्हें डंक मार दिया और उनकी सांस की नली बंद हो गई, वह सांस नहीं ले पा रहे थे, इसलिए उन्होंने खेल को रोकने के लिए कहा, लेकिन उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ और उनकी मौत हो गई। बहुत दुखद खबर।'
आहत
एक के बाद एक आ रही बुरी खबर से दुखी हैं कंगना
कंगना आगे लिखती हैं, 'इसके अलावा मैं उन सभी विचित्र घटनाओं को समझने की कोशिश कर रही हूं, जो साल 2025 हमारे जीवन में ला रहा है। सभी सुरक्षित रहें और भगवान से प्रार्थना करते रहें।'
बता दें कि पहले ही कंगना अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के कारण दुखी थीं। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी निधन हुआ। उनको लेकर भी कंगना से पोस्ट साझा किया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
शोक
करिश्मा के घर में पसरा मातम
संजय के निधन की खबर से करिश्मा के घर पर भी गमगीन माहौल है।
करिश्मा और संजय का तलाक साल 2016 में हुआ था, लेकिन बच्चों के कारण वे मिलते-जुलते रहते थे। इस मुश्किल वक्त में करिश्मा का ढांढस बांधने के लिए उनकी बहन करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान देर रात अभिनेत्री के घर भी पहुंचे।
12 मई की सुबह इंग्लैंड में पोलो खेलते वक्त संजय का निधन हुआ था।
रिश्ता
करिश्मा-संजय की शादी और तलाक
करिश्मा से संजय की शादी साल 2003 में हुई थी। इस शादी से इन्हें 2 बच्चे बेटी समायरा और बेटा कियान हुए। हालांकि, शादी के कुछ सालों बाद वे अलग हो गए। 2014 में करिश्मा ने तलाक की अर्जी दी और 2016 में उनका तलाक हो गया।
करिश्मा, संजय की दूसरी पत्नी थीं। संजय ने करिश्मा से पहले जानी-मानी फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से शादी की थी। उनसे अलग होने के बाद संजय ने करिश्मा से शादी रचाई थी।