LOADING...
करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का निधन, पोलो खेलते वक्त गई जान
करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर नहीं रहे (तस्वीर: एक्स/@kamaalrkhan)

करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का निधन, पोलो खेलते वक्त गई जान

Jun 13, 2025
01:24 am

क्या है खबर?

अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर नहीं रहे। उन्होंने 53 की उम्र में आखिरी सांस ली। संजय की मौत की खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुखद घटना इंग्लैंड के गार्ड्स पोलो क्लब में घटी, जहां संजय पोलो खेल रहे थे। खेल के दौरान संजय अचानक मैदान पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा पाए।

दुखद

अभिनेता और लेखक सुहेल सेठ ने की निधन की पुष्टि

एक तरफ अहमदाबाद में विमान हादसे को लेकर पूरा देश इस वक्त गम में डूबा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ संजय का अचानक यूं चले जाना उनके परिवारवालों, दोस्ताें और चाहनेवालों के लिए बड़ा सदमा है। अभिनेता और लेखक सुहेल सेठ ने इस खबर की पुष्टि कर एक्स पर लिखा, 'संजय कपूर के निधन से बहुत आहत हूं। 12 मई की सुबह इंग्लैंड में उनका निधन हुआ। यह बहुत बड़ा नुकसान है। उनके परिवारवालों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।'

ट्विटर पोस्ट

सुहेल सेठ का पोस्ट

आखिरी पोस्ट

संजय ने निधन से चंद घंटे पहले किया था ये पोस्ट

अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे से संजय भी बेहद दुखी थे। उन्होंने इसी से जुड़ा आखिरी पोस्ट एक्स पर किया था। अपनी मौत से महज कुछ घंटे पहले किए अपने इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी को ताकत और हिम्मत दें।' संजय एक जाने-माने उद्योगपति थे और उन्हें पोलो खेल का बहुत शौक था।

शादी

साल 2003 में संजय ने की थी करिश्मा से शादी

करिश्मा से संजय की शादी साल 2003 में हुई थी। इस शादी से इन्हें 2 बच्चे बेटी समायरा और बेटा कियान हुए। हालांकि, शादी के कुछ सालों बाद वे अलग हो गए। 2014 में करिश्मा ने तलाक की अर्जी दी और 2016 में उनका तलाक हो गया। तलाक के समय करिश्मा ने संजय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनका रिश्ता बुरे मोड़ पर खत्म हुआ था। अलग होने के बाद भी संजय अक्सर अपने बच्चों से मिलते रहते थे।

जानकारी

करिश्मा थीं संजय की दूसरी पत्नी

बता दें कि करिश्मा कपूर से संजय कपूर की पहली शादी नहीं थी। संजय इससे पहले से ही शादीशुदा थे। उन्होंने करिश्मा से पहले फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से शादी की थी। उनसे अलग होने के बाद संजय ने करिश्मा से शादी रचाई थी।

दूसरी शादी

संजय ने प्रिया सचदेवा से की थी तीसरी शादी

करिश्मा से अलग होने के बाद संजय ने मॉडल और बिजनेसवुमन प्रिया सचदेवा से तीसरी शादी रचाई थी, जो कई टीवी विज्ञापनों म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। संजय से शादी करने से पहले प्रिया की शादी पंजाब के फरीदकोट से ताल्लुक रखने वाले अमेरिकी होटल व्यवसायी विक्रम चटवाल से हुई थी, लेकिन दोनों की राहें जुदा हो गईं। विक्रम से प्रिया की एक बेटी हैं, वहीं संजय कपूर से उन्हें अजारिअस नाम का एक बेटा है।