जूनियर एनटीआर को कंधे में लगी चोट, टीम ने बताया अब कैसी है तबीयत
क्या है खबर?
दक्षिण सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के स्वास्थ्य से जुड़ी एक खबर ने फैंस को परेशान कर दिया है। उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए बताया कि अभिनेता के कंधे में चोट लग गई है। इस हादसे के बाद उन्हें मौके पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने इलाज करने के बाद एनटीआर को करीब 6 से 8 हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। नतीजन, एनटीआर को काम से दूर रहना पड़ेगा।
बयान
एनटीआर की टीम ने दिया उनका स्वास्थ्य अपडेट
एनटीआर की टीम ने अपने बयान में लिखा, 'हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि मिस्टर एनटीआर के कंधे में चोट लग गई है। पूरी मेडिकल जांच के बाद, डॉ जे मधुसूदन राव और डॉ आरए पूर्णचंद्र तेजस्वी के नेतृत्व वाली डॉक्टरों की टीम ने उन्हें 6 से 8 हफ्ते तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। जिससे वह पूरी तरह से स्वस्थ्य हो सकें। हम उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते रहेंगे।'
आभार
टीम ने अभिनेता फैंस को दिया ये आश्वासन
टीम ने अपने बयान में फैंस का आभार जताते हुए आगे कहा कि उन्हें घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। अभिनेता के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
काम की बात करें, तो एनटीआर इस वक्त निर्देशक प्रशांत नील की फिल्म 'ड्रैगन' को लेकर चर्चा में हैं। पिछले दिनों फिल्म से उनकी पहली झलक और टीजर जारी किया गया था।
ये फिल्म 11 जून, 2027 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाने के लिए आएगी।