Loading...
जावेद अख्तर को सबसे बड़ा अफसोस, बोले- शराब ने मेरे 15 साल बर्बाद कर दिए
जावेद अख्तर का छलका दर्द

जावेद अख्तर को सबसे बड़ा अफसोस, बोले- शराब ने मेरे 15 साल बर्बाद कर दिए

Nov 27, 2026
07:14 pm

क्या है खबर?

गीतकार जावेद अख्तर ने बरखा दत्त के यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के सबसे बड़े पछतावों के बारे में बात की। इनमें शराब की लत सबसे ऊपर रही। लंबे और स्वस्थ जीवन की चाह में शराब छोड़ चुके जावेद ने माना कि उनकी जिंदगी का एक दौर ऐसा था, जब वो बहुत ज्यादा शराब पीते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी में कई बातों का अफसोस है और शराब की लत उनमें से बड़ी वजह है।

पछतावा

शराब पीने के कारण जावेद ने गंवाए जिंदगी के 15 साल

जावेद के मुताबिक, किसी भी इंसान को अफसोस होना आम बात है, क्योंकि इससे उसे ये सोचने का मौका मिलता है कि वो क्या बेहतर कर सकता था।

उन्होंने बताया कि 80 साल की उम्र में उन्हें लगता है कि शराब पीने और लापरवाही के चलते उनके अपने करीब 15 साल बर्बाद हो गए।

उनका मानना है कि इस दौरान वो संगीत और नई भाषाएं सीख सकते थे और कुछ लोगों के साथ ज्यादा संवेदनशीलता से पेश आ सकते थे।

गलतियां

"ज्यादातर गलतियां नशे की हालत में हुईं"

शराब छोड़ने को लेकर जावेद ने बताया कि वो नियमित रूप से बहुत ज्यादा शराब पीते थे और हर रात एक बोतल तक चढ़ा लेते थे। हालांकि, 31 जुलाई 1991 के बाद से उन्होंने शराब की एक बूंद भी नहीं पी है और गर्व से कहा कि वो उनका आखिरी दौर था।

जब उनसे पूछा गया कि क्या शराब ने उन्हें एक इंसान के तौर पर बदला तो उन्होंने कहा कि उनकी ज्यादातर गलतियां नशे की हालत में ही हुईं।

ADVERTISEMENT

वजह

बचपन के दुख से नहीं, मजे के लिए पीता था शराब- जावेद

जावेद ने बताया कि अपनी वयस्क जिंदगी में उन्होंने जितनी भी बड़ी गलतियां कीं, उनमें से ज्यादातर शराब के नशे में हुईं। उन्हें कभी-कभार लगता है कि अगर उन्होंने शराब नहीं पी होती तो शायद वे इतनी गलतियां करने से बच सकते थे। उन्होंने बताया कि लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन जीने की चाह में उन्होंने शराब छोड़ी और साफ किया कि वो बचपन के दुख से नहीं, बल्कि पीने का मजा आने के कारण शराब पीते थे।

ADVERTISEMENT

खुलासा

शराब थी जावेद की शादी टूटने की बड़ी वजह

एक पुरानी बातचीत में जावेद की पहली पत्नी हनी ईरानी ने बताया था कि जावेद का शराब पीना उनकी शादी टूटने की एक बड़ी वजह थी।

उन्होंने कहा था कि उस दौर में जावेद के काम को खूब सराहना मिल रही थी और वे शाम को अक्सर दोस्तों के साथ बाहर रहते थे।

हनी के मुताबिक, दोनों इतने समझदार थे कि समझ गए थे कि बात नहीं बन रही, जबकि जावेद कई बार शराब छोड़ने की कोशिश कर चुके थे।

ADVERTISEMENT