LOADING...
जाह्नवी कपूर के करियर की सबसे बड़ी जीत, इस इकलौती फिल्म ने रेटिंग में बनाया महा-रिकॉर्ड
जाह्नवी कपूर की सबसे बड़ी जीत

जाह्नवी कपूर के करियर की सबसे बड़ी जीत, इस इकलौती फिल्म ने रेटिंग में बनाया महा-रिकॉर्ड

Mar 06, 2026
11:43 am

क्या है खबर?

जाह्नवी कपूर ने अब तक कई छोटी-बड़ी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उनकी फिल्मावली में एक ऐसी फिल्म है, जिसने सादगी और संजीदगी से सबका दिल जीत लिया। इस फिल्म को IMDb पर उनके करियर की सबसे ज्यादा रेटिंग मिली है। दुनियाभर के दर्शकों ने इसकी कहानी और जाह्नवी के सधे हुए अभिनय के लिए उन्हें सिर आंखों पर बिठाया। जाह्नवी 29 साल की हो चुकी हैं। आइए इस खास मौके पर उनकी इसी फिल्म के बारे में जानें।

फिल्म

8.0 रेटिंग के साथ आते ही छा गई जाह्नवी की ये फिल्म

जाह्नवी की सबसे ज्यादा रेटिंग वाली फिल्मों की बात आती है तो कइयों के मन में 'गुंजन सक्सेना' या 'मिली' का नाम आता है, लेकिन उनकी जिस फिल्म ने IMDb पर तहलका मचाया है, उसका नाम है 'होमबाउंड'। फिल्म को 8.0 रेटिंग मिली है। ये आंकड़ा इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि इससे पहले जाह्नवी की किसी भी फिल्म को 6.7 से ज्यादा की रेटिंग नहीं मिल पाई थी। 'होमबाउंड' ने आते ही रेटिंग के सारे पिछले रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

कहानी

दोस्ती और समाज की सच्चाई दिखाती है 'होमबाउंड'

ये कोई आम मसाला फिल्म नहीं है। 'होमबाउंड' जाति-धर्म की बेड़ियों से परे दोस्ती की एक सच्ची मिसाल पेश करती है। विक्की कौशल संग 'मसान' बनाने वाले निर्देशक नीरज घेवान ने 'होमबाउंड' का निर्देशन किया है। इसमें ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने मुख्य भूमिका निभाई है। 'होमबाउंड' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक अनुभव है, जो आपको हंसाता है, रुलाता है और समाज के उन कड़वे सच से रूबरू कराता है, जिनसे हम अक्सर आंखें मूंद लेते हैं।

Advertisement

उपलब्धि

ऑस्कर तक का सफर तय कर चुकी फिल्म

'होमबाउंड' सिर्फ रेटिंग्स तक ही सीमित नहीं रही। इस फिल्म की चर्चा तब और तेज हुई, जब इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई। फिल्म को इसकी बेहतरीन पटकथा और जाह्नवी के दमदार अभिनय के लिए कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहा गया। खबरों के मुताबिक, 'होमबाउंड' को भारत की ओर से 98वें अकेडमी अवॉर्ड्स की 'सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी' में एक मजबूत दावेदार के रूप में देखा गया था। हालांकि, फिल्म ऑस्कर में नामांकन पाने से चूक गई।

Advertisement

आगामी फिल्म

जाह्नवी अब साउथ में करेंगी धमाका

जाह्नवी अब जल्द ही फिल्म 'पेड्डी' में नजर आएंगी, जिसमें उनके जोड़ीदार होंगे साउथ के सुपरस्टार राम चरण। जाह्नवी इससे पहले साउथ की फिल्म 'देवरा' में जूनियर एनटीआर के साथ इश्क फरमाती दिख चुकी हैं। उनकी फिल्म 'पेड्डी' कई अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी ग्रामीण परिवेश पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें जाह्नवी एक बेहद प्रभावशाली और देसी अवतार में नजर आ सकती हैं। फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों का रुख करेगी।

Advertisement