जैकलीन फर्नांडिस 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोर्ट पहुंचीं, खुद को बताया निर्दोष
क्या है खबर?
जैकलीन फर्नांडिस ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 3 जून को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने जज के सामने अपना पक्ष रखते हुए खुद को निर्दोष बताया और आरोपों का मुकाबला करने का इरादा भी व्यक्त किया। जैकलीन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "मैं मुकदमे का सामना करूंगी।" कोर्ट की कार्यवाही खत्म होने के बाद वह बिना मीडिया से बातचीत किए वहां से रवाना हो गईं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पटियाला हाउस कोर्ट जाती हुईं अभिनेत्री
#WATCH | Bollywood actor Jacqueline Fernandez appeared before the Patiala House Court in connection with a Rs 200 crore money laundering case. pic.twitter.com/Riquu7vMiy
— ANI (@ANI) June 3, 2026
आरोप
ED ने जैकलीन फर्नांडिस पर लगाए ये आरोप
जैकलीन ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने के लिए कोर्ट में याचिका दी थी। हालांकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा हस्तक्षेप करने के बाद कोर्ट ने उनकी इस याचिका को खारिज कर दिया। ED ने तर्क दिया कि अभिनेत्री को ठग सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक रिकॉर्ड और गलत तरीकों से कमाए पैसों की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उससे महंगे तोहफे लिए। उधर जैकलीन का कहना है कि वह निर्दोष हैं और सुकेश की साजिश का शिकार हुई हैं।
मामला
जानिए मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा क्या है मामला
मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला सुकेश नाम के हाई-प्रोफाइल ठग से जुड़ा है। आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए एक बड़े कारोबारी की पत्नी से 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की थी। ED का दावा है कि सुकेश ने गलत तरीके से अर्जित इस संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा जैकलीन और उनके परिवार के ऊपर खर्च किया था। आरोप है कि सुकेश ने अभिनेत्री को कई महंगी गाड़ियां, बैग, तोहफे और पालतू जानवर दिए थे।